Creativity

शहर आना होगा तुम्हारा

  • अनीता मैठाणी

तुम कहते हो

अनीता मैठाणी

शहर आना होगा तुम्हारा

मैं अकेले में मुस्कुरा उठती हूँ,

लजाकर भारी कदमों से

आईने तक चली जाती हूँ,

जिस तक,

मैं अब, जाती नहीं हूँ ।

खुद को निहारते हुए सोचती हूँ

कब से बालों को कलर नहीं किया

चांदनी सी झलकने लगी है,

फेसपैक सा कुछ लगाने का सोचती हूँ

फिर उंगलियों में दिन गिनती हूँ

आज ही सब कर लिया,

रंग ही है,

कब तक टिकेगा।

तुम्हारे आने से ठीक

एक दिन पहले का दिन तय करती हूँ।

अब तक जो कैलेण्डर

सिर्फ छुट्टियों के लिए देखती थी

उसे अब बार-बार, बिना बात देखती हूँ।

रोज आईने पर नजर उठती हैं,

तुम्हारे आने की खुशी से

जो निखार चेहरे पर आया है

काश वो तुम्हारे शहर से होकर

लौट जाने के बाद भी बना रहे

सोचती हूँ,

इंतजार करती हूँ।

तुम्हारे शहर आने के दिन

और फिर

चले जाने के दिन,

बाद भी तुम्हारी

कोई ख़बर नहीं है।

और फिर

तुम बताते हो कि;

काम बहुत था

समय का घोर संकट था,

इस कर

मिलना संभव नहीं हो पाया।

मुझे आस है फिर,

तुम्हारे, फिर आने की,

चुप सी मैं, तब तक,

जब तुम फिर कहोगे कि

शहर आना होगा तुम्हारा।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button