फिर भी

Rajesh Pandey

उमेश राय

सघन अँधेरा बढ़ रहा है,
अपने तिलिस्मी रंग-रुप में..
विश्वास की आस टूटती जा रही है,
कच्चे धागे की मानिंद .

बहुरुपिया लोग बढ़ रहे हैं नित नए अंदाज में,
जैसे खेत में खरपतवार बिना बोये ही निकल आती है.
संबंध की गंध लुप्तप्राय होकर अनुबंध की गंधहीनता में हो गयी है परिणत,
जैसे फूल-फल से रहित शुष्क रूख पड़ा हो.

जितना है, वह कम है,
यह अभाव का भाव उग गया है,
कंटीले नागफनी जैसा यत्र-तत्र-सर्वत्र.
एक बेबसी, बेचैनी, भय, अकेलापन पसरा है दूर-दूर तक,
इतना कि खुद से भी बहुत दूर हो गया आदमी.

खाली आश्वासनों से पेट नहीं भरा करता,
दिल तो बिल्कुल नहीं.
इतने अनर्थकारी,अवमूल्यित होते समय में भी,
तुम रोशनी बोते रहना छोटा ही सही,

मूल्यों को संजोते रहना,
वेदना-संवेदना संग.
स्वरुप को संभालना,
संबंध को निखारना,
विश्वास में ही विश्व के आस को सजीव रखना,

भाव भरे मन से नम – नरम रहना…
इससे शायद दुनियां में फिर-फिर
फैले मानवता की फसलें – नस्लें,
कम हो फॉसले,
दूर हो फिसलने,

हक,इंसानियत,ईमान को मिले बहुमान.
याद रहे,
तमाम तम के घिरते समीकरणों में भी,
एक सूरज अब भी उगता है,
अपनी धरती के लिए,
प्रेम को परोस कर,
खुद को समूचा उलीचते हुए.

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *