Uncategorized

उत्तराखंड कांग्रेस प्रत्याशीः आधी आबादी की भागीदारी सिर्फ छह फीसदी

प्रियंका गांधी के नारे 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं', को उत्तराखंड में तरजीह नहीं

देहरादून। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में नारा दिया, लड़की हूं, लड़ सकती हूं। पर, उत्तराखंड में कांग्रेस ने इस नारे को कोई तरजीह नहीं दी। यहां प्रत्याशियों की पहली लिस्ट में आधी आबादी को मात्र छह फीसदी भागीदारी का ही अवसर दिया गया। उत्तराखंड में कांग्रेस ने 53 प्रत्याशियों की घोषणा की, जिनमें केवल तीन महिलाओं मसूरी से गोदावरी थापली, भगवानपुर से ममता राकेश और रुद्रपुर से मीना शर्मा को टिकट दिया गया।

वहीं, उत्तराखंड में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद पर रहते हुए सरिता आर्य ने पहले ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी, क्योंकि यशपाल आर्य और संजीव आर्य के कांग्रेस में शामिल होने के वक्त से ही उनको नैनीताल सीट पर अपना टिकट कटने की आशंका होने लगी थी। सरिता आर्य को भाजपा ने प्रत्याशी भी घोषित कर दिया। नैनीताल सीट पर भाजपा से सरिता आर्य और कांग्रेस से संजीव आर्य  प्रत्याशी हैं।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने टिकटों के बंटवारे में महिलाओं को प्रमुखता दी है, जैसा कि प्रियंका गांधी ने 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की घोषणा की है, पर उत्तराखंड में कांग्रेस ने इस नारे की हवा निकाल दी। यहां मात्र छह फीसदी टिकट ही महिलाओं को दिए गए।  वहीं, उत्तराखंड में भाजपा प्रत्याशियों की पहली लिस्ट के 59 नामों में मात्र छह महिलाएं हैं। ऐसे में अभी तक भाजपा भी मात्र दस फीसदी महिलाओं को ही टिकट दे पाई है।

उत्तराखंड में महिलाओं को प्रत्याशी बनाए जाने के मामले में दोनों ही दलों ने कंजूसी की है, जबकि चुनाव में महिलाओं से जुड़े तमाम मुद्दों पर जोर शोर से बात की जा रही है।

2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में 75,92,996 में से महिला मतदाताओं की संख्या 36,02,801 है। वहीं, 2017 के चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या 47 फीसदी थी। पिछले चुनाव में उत्तराखंड की 70 सीटों में से मात्र 41 पर ही महिलाएं चुनाव मैदान में उतरीं। कुल 62 महिलाओं ने चुनाव लड़ा, जिनमें से रायपुर सीट पर सबसे अधिक मात्र चार महिलाएं उम्मीदवार थीं। भाजपा ने पांच, कांग्रेस ने आठ, बसपा ने तीन, सपा ने पांच सीटों पर महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 30 महिलाओं ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। चुनाव में पांच महिलाओं ने विजय हासिल की, जिनमें भाजपा की तीन, कांग्रेस की दो प्रत्याशी शामिल हैं।

उत्तराखंड में वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, महिलाओं की आबादी 49.48 लाख है, जबकि पुरुषों की संख्या 52.38 लाख है। वहीं राज्य की 71 फीसदी महिला आबादी गांवों में निवास करती है। राज्य की 65 फीसदी आबादी की आजीविका कृषि है। राज्य में 64 फीसदी महिलाएं अपने खेतों में कृषि करती हैं, वहीं 8.84 फीसदी महिलाएं दूसरों के खेतों में परिश्रम करती हैं।

Rajesh Pandey

मैं राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून का निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना मेरा जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button