ElectionFeaturedNewsUttarakhand

मतदान के दिन खुले रहेंगे सरकारी अस्पताल, विवाह वाले वाहनों पर कोई रोक नहीं

लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण का मतदान शुक्रवार 19 अप्रैल 2024 को होगा

देहरादून। लोकसभा चुनाव 2024 में पहले चरण का मतदान कल शुक्रवार 19 अप्रैल 2024 को होगा। मतदान से एक दिन पहले गुरुवार को उत्तराखंड में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में नियमित प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि राज्य में सभी पोलिंग पार्टियां अपने बूथों के लिए रवाना हो चुकी हैं। अभी तक 09 हजार 500 पोलिंग पार्टियां मतदेय स्थल तक पहुंच चुकी हैं।

उन्होंने बताया, राज्य में 19 अप्रैल 2024 को प्रातः 07ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक मतदान होना है। मतदान प्रारंभ होने से पहले सभी पोलिंग पार्टियां मॉक पोल की कार्यवाही करेंगी। सभी पोलिंग पार्टियां मतदान प्रारंभ करने की सूचना उपलब्ध कराएंगी।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया, आज परिवहन विभाग के साथ बैठक हुई। विभाग यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित करता रहेगा। किसी भी आम नागरिक के लिए यातायात में कोई असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

उन्होंने बताया, विवाह कार्यों में लगे वाहनों पर भी कोई प्रतिबंध नहीं होगा।

सभी राजकीय चिकित्सालय, जिला चिकित्सालय, प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को 24 घंटे संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया, राज्य में 1365 क्रिटिकल पोलिंग बूथ व 809 वल्नरेबल पोलिंग बूथ चिन्हित किए गए हैं। इन पोलिंग स्टेशन पर पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था रहेगी। मतदान से 48 घंटे पूर्व सभी फ्लाइंग स्क्वायड व स्टेटिक्स सर्विलांस टीम द्वारा सघन चेकिंग की जाती है।

उन्होंने बताया, आचार संहिता प्रभावी होने के बाद से अभी तक 16 करोड़ 41 लाख मूल्य की जब्ती की गई है। पुलिस विभाग ने सबसे अधिक 08 करोड़ 94 लाख मूल्य, आयकर विभाग ने 06 करोड़ 14 लाख, आबकारी विभाग ने 91 लाख मूल्य की जब्ती की है। उन्होंने बताया कि 05 करोड़ 90 लाख की जब्ती कैश के रूप में, शराब के रूप में 03 करोड़ 06 लाख मूल्य की जब्ती, नारकोटिक्स संबंधित मामलों में 04 करोड़ 03 लाख मूल्य की जब्ती भी हुई है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button