educationFeaturedUttarakhand

उत्तराखंड में आठ नए महाविद्यालयों की सीएम ने की घोषणा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर) देहरादून में विज्ञान संकाय भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने घोषणा की, कि राज्य में आठ नए महाविद्यालयों की स्थापना की जाएगी।

नये महाविद्यालयों में देहरादून शहर, हरिद्वार शहर(भूपतवाला), हल्द्वानी शहर, गदरपुर (ऊधमसिंह नगर), दन्या (अल्मोड़ा), कल्जीखाल  (पौड़ी गढ़वाल) , खिर्सु (पौड़ी गढ़वाल) , देवाल (चमोली) शामिल हैं।

राज्य के सात महाविद्यालयों का स्नातक से स्नातकोत्तर में उच्चीकरण किया जाएगा।  इनमें  राजकीय महाविद्यालय, मुनस्यारी(पिथौरागढ़), राजकीय महाविद्यालय  गैरसैंण (चमोली), राजकीय महाविद्यालय, कपकोट (बागेश्वर), राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर, राजकीय महाविद्यालय, हल्दूचौड़ (नैनीताल), राजकीय महाविद्यालय, लक्सर (हरिद्वार), राजकीय महाविद्यालय, थलीसैंण (पौड़ी) शामिल हैं।

सीएम धामी ने घोषणा की, कि पूर्व से संचालित राजकीय महाविद्यालयों में वहां की आवश्यकतानुसार स्नातक स्तर पर 50 एवं स्नातकोत्तर स्तर पर 10 अतिरिक्त शैक्षणिक पदों का सृजन किया जाएगा। राज्य के समस्त शासकीय महाविद्यालयों में कम से कम एक वीडियो कान्फ्रेंसिंग एवं अन्य आवश्यक आधुनिक तकनीकी सुविधायुक्त लेक्चर हाल स्थापित किया जाएगा।

पाठ्यक्रमों को नई शिक्षा नीति के अनुरूप करने को उच्च स्तरीय समिति बनेगी

नई शिक्षा नीति के क्रम में शासकीय विश्वविद्यालयों में इंटर-डिसिप्लिनरी कोर्स प्रारंभ करने एवं वर्तमान पाठ्यक्रमों में बदलाव के लिए राष्ट्रीय अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के सुविख्यात शिक्षाविद की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर) में स्नातकोत्तर स्तर पर विज्ञान संकाय एवं गृह विज्ञान की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी।

रायपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं

मुख्यमंत्री धामी ने रायपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी कई घोषणाएं कीं, जिनमें मालदेवता खैरी ग्रामीण क्षेत्र में 33 केवी विद्युत घर का निर्माण तथा आईटी पार्क के समीप डांडा लखौंड में 33 केवी विद्युत केन्द्र का निर्माण शामिल है।

मालदेवता के अंतर्गत पंजाब नेशनल बैंक वाले खाले में आरसीसी पाइप लाइन से जल निकासी का कार्य  स्वीकृत किया जाएगा।

रायपुर ब्लाक में सौंग नदी पर मालदेवता फार्म से मालदेवता बाजार तक बाढ़ सुरक्षा का कार्य किया जाएगा। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत नगर निगम क्षेत्र में नदी/नाले/खाले में आपदा से क्षतिग्रस्त पुस्तों का निर्माण किया जाएगा। बाल्टी नदी में 24 एवं 25 अगस्त को आई आपदा से नदी व सड़क की बाढ़ सुरक्षा का कार्य किया जाएगा।

रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त सहस्रधारा -खैरी- मालदेवता मार्ग की मरम्मत की जाएगी।

वार्ड संख्या 58 डिफेंस कॉलोनी के मुख्य करिय्पा मार्ग का चौड़ीकरण, नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण किया जायेगा।

रायपुर-तुनवाला-मियांवाला मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा।

रायपुर विधानसभा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त मुख्य व आंतरिक मार्गों का निर्माण किया जाएगा।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर) के विस्तारीकरण के लिए भूमि उपलब्ध करने एवं ग्राम सभा खैरी मानसिंह, मालदेवता, सौडा द्वारा तथा केशर वाला में जंगली हाथियों से फसलों के बचाव के लिए सोलर फेंसिंग का कार्य एवं आबादी क्षेत्रों के समीप आरक्षित वन भूमियों में कूड़े-करकट से बचाव हेतु जाल लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित निदान के लिए प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई, जो कार्य ब्लाक एवं तहसील स्तर के हों, उनका समाधान वहीं पर हो और जो कार्य जिला स्तर पर हो सकते हैं, उनका निदान जिलास्तरीय अधिकारियों द्वारा ही किया जाएगा।

सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो कार्य जनपद स्तर पर पूर्ण हो सकते हैं, उन्हें शासन स्तर पर न भेजा जाए। उनका वहीं निदान किया जाए। कार्यों के सरलीकरण, समाधान एवं निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नो पैंडेंसी के आधार पर कार्य करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक कार्यदिवस को प्रातः 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में जन समस्याओं को सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। तहसील दिवसों का नियमित आयोजन किया जाएगा।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य में एक लाख सात हजार छात्र-छात्राएं वर्तमान में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सभी महाविद्यालयों में 4जी वाईफाई की सुविधा दी गई है। एक-एक टेबलेट की व्यवस्था की जा रही है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button