डोईवाला। युवाओं के एक दल ने भोगपुर के पास चांदपत्थर के संरक्षण की पहल करते हुए स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया। युवाओं का कहना है कि चांद पत्थर को ऐतिहासिक धरोहर का सम्मान देते हुए इसको पर्यटन के मानचित्र पर लाया जाए। उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे और इस क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के लिए विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
चांदपत्थर के बारे में कहा जाता है कि इस पर अंग्रेजों ने गोलियां चलाई थीं, जिस पर गोलियों के तीन निशान साफ दिखाई देते हैं। राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेश संयोजक मोहित उनियाल ने बताया कि कुछ दिन पहले चांदपत्थर को देखने पहुंचे थे।
भोगपुर नहर के पास गदेरे में स्थित चांद पत्थर के आसपास काफी गंदगी फैली है और बड़ी बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। इस पर उनके साथियों ने यहां स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उनके साथ ग्राम पंचायत सदस्य शुभम कांबोज, छात्र नेता सावन राठौर व आरिफ अली चांद पत्थर पर पहुंचे और आसपास झाड़ियों का कटान किया।
पत्थर के पास फैली गंदगी को हटाया गया। पहले दिन बारिश के मौसम में करीब एक घंटे तक युवाओं ने भोगपुर नहर से लेकर गदेरे में स्थित चांद पत्थर के आसपास स्वच्छता की मुहिम चलाई।
उनियाल के अनुसार, बारिश तेज होने की वजह से अभियान स्थगित करना पड़ा। शनिवार को भी युवा चांद पत्थर पर पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाएंगे।
उनका कहना है कि हम किसी भी कार्य के लिए सरकार से उम्मीद रखते हैं, पर लोगों को स्वयं भी पहल करनी होगी। हमें उन सभी स्थलों एवं विरासतों का सम्मान करना चाहिए, जिनका गौरवशाली अतीत रहा है। इस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना होगा। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मैं राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून का निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव।
बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना मेरा जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया।
बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं।
शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी
संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140
ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com
फोन: +91 9760097344