
FeaturedUttarakhand
सीएम पुष्कर सिंह धामी का पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद
नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई टिहरी में ’जनसंवाद’ – आपका सुझाव हमारा संकल्प कार्यक्रम में विभिन्न ब्लाकों के 18 ग्राम प्रधानों को मनरेगा, एनआरएलएम, स्वयं सहायता समूहों तथा ग्राम स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सीधे तौर पर संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
नगर पालिका परिषद हॉल में आयोजित कार्यक्रम में करीब 400 प्रधानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा, पंचायत प्रतिनिधि गांवों में आम जनता से सीधे तौर पर जुड़े होते हैं, जिसके फलस्वरूप प्रधानों के सुझाव काफी महत्वपूर्ण होते हैं।
उन्होंने चंद्रबदनी एवं कुंजापुरी की धरती को प्रणाम करते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षा अनुसार तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। केदारनाथ धाम से प्राधनमंत्री ने पूरी दुनिया को संदेश दिया कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। राज्य जब 25 वां स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणीय एवं आदर्श राज्य होगा।













