DHARMAFeaturedUttarakhand

केदारनाथ धाम में अब तक 96 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए

इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि की आशा

रुद्रप्रयाग। कपाट खुलने के बाद से बुधवार (11 मई) तक लगभग 96 हजार लोगों ने श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर दर्शन कर लिए हैं।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा, यात्रा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया, श्री केदारनाथ यात्रा में आने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या के दृष्टिगत इस वर्ष की यात्रा में अप्रत्याशित संख्या में श्रद्धालुओं के आने की आशा है। वर्ष 2019 की तुलना में इस वर्ष के शुरुआती दिनों में ही यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि देखने को मिल रही है।  जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी उनकी सुविधाओं के इंतजामों में भी वृद्धि की जाएगी। शौचालयों की संख्या को बढ़ाया गया है तथा पेयजल की भी सुचारू व्यवस्था कर ली गई है।

उन्होंने केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत है, तो अपनी जांच अवश्य कराएं। साथ ही पैदल मार्ग में रुक-रुक कर यात्रा करें। यात्रा व्यवस्था के दृष्टिगत धाम में पहुंच चुके यात्रियों की माॅनीटरिंग की जा रही है तथा रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड के मध्य उन्हें रोका जा रहा है। यात्रा में आने वाले लोगों से अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण कराने की अपील की गई है।

जिलाधिकारी ने बताया, पुलिस ने तीर्थयात्रियों की संख्या के दृष्टिगत सिरोबगड़, जवाड़ी बाइपास, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, कुंड, गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, गौरीकुंड आदि स्थानों एवं गौरीकुंड से केदारनाथ 16 किमी पैदल यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों में शांति एवं सुरक्षा के लिए पुलिस बल नियुक्त कर बैरियर लगाए गए हैं।

यात्रा के प्रथम पड़ाव सोनप्रयाग से प्रातः तीन बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक ही तीर्थयात्रियों को श्री केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए आगे प्रवेश करने की अनुमति दी जा रही है तथा प्रत्येक घंटे में शटल सेवा की संख्या की माॅनीटरिंग की जा रही है।

उन्होंने बताया, गौरीकुंड में वाहनों की पार्किंग के लिए पूर्व से स्थान उपलब्ध न होने के कारण सोनप्रयाग से आगे स्थान गौरीकुंड तक यात्रियों के आवागमन के लिए परिवहन विभाग द्वारा शटल सेवा के माध्यम से सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा प्रतिदिन आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए यात्रा कंट्रोल रूम के माध्यम से हर एक घंटे गौरीकुंड से केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की संख्या तथा केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या की माॅनीटरिंग की जा रही है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button