NewsUttarakhand

Uttarkashi Cloudburst: उत्तरकाशी के धराली में आपदा से भारी तबाही

Uttarkashi Cloudburst: उत्तरकाशी, 05 अगस्त, 2025: उत्तरकाशी के धराली, खीर गाढ़ में जलस्तर बढ़ने से धराली मार्केट क्षेत्र में तबाही हो गई। मंगलवार (पांच अगस्त, 2025) दोपहर 1:50 बजे भारी बारिश और बादल फटने से यह तबाही होने की सूचना है। यह घटना तहसील भटवाड़ी के अंतर्गत हर्षिल थाना क्षेत्र के खीर गाढ़ इलाके में हुई। प्रशासन के अनुसार, नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से, क्षेत्र के कई आवासीय मकान, होटल और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मानवीय और आर्थिक नुकसान का ब्यौरा जुटाया जा रहा है।

https://x.com/DIPR_UK/status/1952691441823572322

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर धराली (उत्तरकाशी) में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश सरकार, एस.डी.आर.एफ, सेना और अन्य रेस्क्यू टीमों द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

फोटो साभार- उत्तराखंड पुलिस सोशल मीडिया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, उत्तराखंड के धराली (उत्तरकाशी) में फ्लैश फ्लड की घटना को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात कर घटना की जानकारी ली। ITBP की निकटतम 3 टीमों को वहाँ भेज दिया गया है, साथ ही NDRF की 4 टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं, जो शीघ्र पहुँच कर बचाव कार्य में लगेंगी।

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला प्रशासन और सभी विभागों को तेजी से राहत व बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

https://x.com/DIPR_UK/status/1952673094625099808

वहीं, जनपद उत्तरकाशी में लगातार बारिश होने पर प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने तथा नदी-नालों के आसपास नहीं जाने  की सलाह दी है। सुरक्षा की दृष्टि से भागीरथी नदी के आस–पास खतरे वाले स्थानों को खाली कर सुरक्षित स्थान पर बने रहने को कहा जा रहा है।

https://x.com/DIPR_UK/status/1952689293438185550

उत्तराखंड के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और भारतीय सेना को तुरंत राहत और बचाव कार्यों के लिए मौके पर भेजा गया है। पुलिस दल भी मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव कार्य में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण, वायुसेना की सहायता ली जा रही है और हवाई सर्वेक्षण किया जा रहा है।

निकटवर्ती अस्पतालों ,देहरादून  व एम्स और ट्रॉमा सेंटरों में बेड आरक्षित कर दिए गए हैं और एंबुलेंस को तैयार रखा गया है ताकि घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है और वे समन्वय स्थापित कर रहे हैं। टीमें मौके पर पहुंच रही हैं और स्थिति का जायजा ले रही हैं।

घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:

  1. जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी:
    • फ़ोन नंबर: 01374-222722, 7310913129, 7500737269
    • टोल फ्री नंबर: 1077, 112
  2. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून:
    • फ़ोन नंबर: 0135-2710334, 2710335, 8218867005, 9058441404
    • टोल फ्री नंबर: 1070, 112

मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी के लिए भी इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button