Featured

सरकार हर परिस्थिति से लड़ने और निपटने के लिए तैयार और सक्षमःसीएम

  • हल्द्वानी में अफसरों के साथ बैठक में सीएम ने कहा, सरकार को पहले से ही अनुमान था, बाहर से लोगों के आने पर कोरोना संक्रमण के केस बढ़ेंगे
  • सुशीला तिवारी चिकित्सालय को और अन्य उपकरणों  व संसाधनों की आवश्यकता हो, उनकी मांग तत्काल शासन को उपलब्ध कराएः सीएम

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिह रावत ने कहा कि उत्तराखंड में अन्य राज्यों से प्रवासियों के आने से कोरोना संक्रमण के केस बढ़ रहे हैं, ऐसे में सभी लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि विभिन्न प्रांतों से उत्तराखंड के लोगों को लाने का निर्णय सरकार ने लिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार को पहले से ही अनुमान था कि बाहर से लोगों को लाने पर कोरोना के केस बढ़ेंगे, इसलिए सरकार पहले से ही तैयारियों में जुटी है। सरकार हर परिस्थिति से लड़ने व निपटने के लिए तैयार और सक्षम है। समीक्षा बैठक मे मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह तथा स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी भी उपस्थित रहे। 

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि क्वारान्टाइन किए गए व्यक्ति नियमों का पालन करें। संक्रमण का दौर है, सभी जनता अपनी जिम्मेदारियों को समझे और इस लड़ाई मे सहयोग करे। मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले में व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से आधुनिकतम उपकरणों  की व्यवस्था कर रही है। सुशीला तिवारी चिकित्सालय को और अन्य उपकरणों  व संसाधनों की आवश्यकता है तो उनकी मांग तत्काल शासन को उपलब्ध कराए। 

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग हमारी फ्रंट लाइन वारियर टीम है, इसलिए स्वास्थ्यकर्मी सहज और सक्रिय रहकर कार्य करें। मेडिकल वेस्ट को नियमानुसार डिस्पोजल किया जाए। उन्होंने आईएमए के सहयोग की सराहना की। कहा कि प्रशासन व पुलिस के अधिकारी, कर्मचारी रात दिन तत्परता के साथ सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जो प्रशंसनीय है।

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि कोरोना संक्रमण के लिहाज से आने वाले दस दिन काफी अहम होंगे, ऐसे में हमें एहतियात बरतने की जरूरत होगी। संयम से कार्य करने और रहने का समय है।

उन्होंने कहा जिन्हें क्वारान्टाइन किया गया है, अगर अगले 10 दिन तक उनकी रिपोर्ट नैगेटिव आने के साथ ही उनमें लक्षण भी नहीं दिखते हैं तो ऐसे लोगो को घर भेजा जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि पूरी तत्परता कार्य कुशलता एवं निष्ठा के साथ संक्रमण काल में टीम भावना से दायित्वों का निर्वहन करें।

कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य एवं सांसद अजय भट्ट ने बाहर से आने वाले प्रवासियों से अपील की कि वे क्वारान्टाइन के नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। नियम तोड़ने वालों से सख्ती से निपटने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग व अन्य विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। 

मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि होम एवं संस्थागत क्वारान्टाइन किए गए व्यक्तियों की नियमित चेकिंग की जाए। क्वारान्टाइन नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि छह प्राइवेट चिकित्सालय अधिगृहित किए गए हैं। 

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button