FeaturedNewsUttarakhand

14 महिलाओं को तीलू रौतेली सम्मान और 35 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार

देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदान किए सम्मान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार 2022-23 प्रदान किए। इस वर्ष 14 महिलाओं को राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली एवं 35 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को 51-51 हजार रुपये की धनराशि उनके खाते में डिजिटल हस्तांतरित की गई।

देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य सरकार ने तीलू रौतेली पुरस्कार की धनराशि ₹31 हजार से बढ़ाकर ₹51 हजार की गई है, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार की धनराशि ₹21 हजार से बढ़ाकर ₹51 हजार की गई है।

उन्होंने कहा, विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली मातृशक्ति को सम्मानित कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। वीरांगना तीलू रौतेली को अपूर्व शौर्य, संकल्प, साहस की धनी और उत्तराखंड की “झांसी की रानी” कहकर याद किया जाए तो इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति मजबूत करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय ₹7500 रुपए से बढ़ाकर ₹9300 किया गया है, तो मिनी आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय ₹4500 से बढ़ाकर ₹6250 और सहायिकाओं का मानदेय ₹3550 से ₹5250 किया गया है।

उन्होंने कहा, राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण की दिशा में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। लखपति दीदी, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, शौचालयों का निर्माण, महिला स्वयं सहायता समूह के लिए विशेष कोष का गठन जैसे अनेक कार्य किए गए हैं। इस अवसर पर महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या, विधायक खजान दास, सचिव महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास हरिचन्द्र सेमवाल एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Rajesh Pandey

उत्तराखंड के देहरादून जिला अंतर्गत डोईवाला नगर पालिका का रहने वाला हूं। 1996 से पत्रकारिता का छात्र हूं। हर दिन कुछ नया सीखने की कोशिश आज भी जारी है। लगभग 20 साल हिन्दी समाचार पत्रों अमर उजाला, दैनिक जागरण व हिन्दुस्तान में नौकरी की, जिनमें रिपोर्टिंग और एडिटिंग की जिम्मेदारी संभाली। 2016 में हिन्दुस्तान से मुख्य उप संपादक के पद से त्यागपत्र देकर मानव भारती संस्था में सेवाएं शुरू कीं, जहां बच्चों के बीच काम करने का अवसर मिला। संस्था के सचिव डॉ. हिमांशु शेखर जी ने पर्यावरण तथा अपने आसपास होने वाली घटनाओं को सरल भाषा में कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों सहित हर आयु वर्ग के लिए 60 से अधिक कहानियां एवं कविताएं लिखी हैं। स्कूलों एवं संस्थाओं के माध्यम से बच्चों के बीच जाकर उनको कहानियां सुनाने का सिलसिला आज भी जारी है। बच्चों को कहानियां सुनाने, उनसे बातें करने, कुछ उनको सुनने और कुछ अपनी सुनाना पसंद है। रुद्रप्रयाग के खड़पतियाखाल स्थित मानव भारती संस्था की पहल सामुदायिक रेडियो ‘रेडियो केदार’ के लिए काम करने के दौरान पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया। सामुदायिक जुड़ाव के लिए गांवों में जाकर लोगों से संवाद करना, विभिन्न मुद्दों पर उनको जागरूक करना, कुछ अपनी कहना और बहुत सारी बातें उनकी सुनना अच्छा लगता है। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम के स्वच्छता का संदेश देने की पहल की। छह माह ढालवाला, जिला टिहरी गढ़वाल स्थित रेडियो ऋषिकेश में सेवाएं प्रदान कीं। जब भी समय मिलता है, अपने मित्र मोहित उनियाल व गजेंद्र रमोला के साथ पहाड़ के गांवों की यात्राएं करता हूं। ‘डुगडुगी’ नाम से एक पहल के जरिये, हम पहाड़ के विपरीत परिस्थितियों वाले गांवों की, खासकर महिलाओं के अथक परिश्रम की कहानियां सुनाना चाहते हैं। वर्तमान में, गांवों की आर्थिकी में खेतीबाड़ी और पशुपालन के योगदान को समझना चाहते हैं। बदलते मौसम और जंगली जीवों के हमलों से सूनी पड़ी खेती, संसाधनों के अभाव में खाली होते गांवों की पीड़ा को सामने लाने चाहते हैं। मित्र मोहित उनियाल के साथ, बच्चों के लिए ‘डुगडुगी’ नाम से प्रतिदिन डेढ़ घंटे के निशुल्क स्कूल का संचालन किया। इसमें स्कूल जाने और नहीं जाने वाले बच्चे पढ़ते थे। यह स्कूल फिलहाल संचालित नहीं हो रहा है। इसे फिर से शुरू करेंगे, ऐसी उम्मीद है। बाकी जिंदगी की जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक और एलएलबी वर्तमान में मानव भारती संस्था, देहरादून में सेवारत संपर्क कर सकते हैं: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला जिला- देहरादून, उत्तराखंड-248140 राजेश पांडेय Email: rajeshpandeydw@gmail.com Phone: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker