agricultureFeatured

पौधे सूखकर मुरझा जाएं तो कैसे करें बचाव

उकठा रोग के कारण मिर्च , शिमला मिर्च, टमाटर, बैंगन ,कद्दू वर्गीय सब्जियों की पत्तियां अचानक मुरझा कर झुक जाती हैं

डॉ. राजेंद्र कुकसाल
लेखक कृषि एवं औद्योनिकी विशेषज्ञ हैं
9456590999

उकठा रोग (Wilt) के कारण मिर्च , शिमला मिर्च, टमाटर, बैंगन ,कद्दू वर्गीय सब्जियां (कद्दू, लौकी) आदि में पौधों की पत्तियां अचानक मुरझाकर झुक जाती हैं तथा धीरे धीरे पत्तियां पीली पड़कर सूख जाती हैं और अन्त में पूरा पौधा पीला पड़कर मर जाता है। यदि समय रहते उपचार नहीं किया गया तो पूरी फसल सूख कर नष्ट हो जाती है।

उकठा रोग फंफूद , बैक्टीरिया ,नीमैटोड के कारण होता है। इस रोग को फ्यूजेरियम विल्ट या बैक्टीरियल विल्ट के नाम से भी जाना जाता है। यह रोग मृदा एवं बीज जनित है।
मौसम में अचानक होने वाला बदलाव भी इस रोग का प्रमुख कारण है।

रोग से बचाव एवं उपचार-

1.भूमि का मृदा परीक्षण कराएं, यदि भूमि का pH मान 6 से कम है तो अन्तिम जुताई के समय एक नाली खेत में 3 से 4 किलो ग्राम बिना बुझा चूना मिट्टी में मिला दें।

2.खेत की ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई करनी चाहिए, जिससे हानिकारक फफूंद तेज धूप से नष्ट हो जाए। सोलेराइजेसन कर भी भूमि को उपचारित किया जा सकता है।

3.खेत में जल निकासी का उचित प्रबंध होना चाहिए।

4.फसल चक्र अपनाएं।

5. तापमान बढ़ने (मई – जून) व वातावरण में नमी अधिक होने पर यह रोग अधिक पनपता है। बीज बुवाई के समय में परिवर्तन कर भी उकठा रोग से फसल को बचाया जा सकता है।

6. खेत की तैयारी के समय ट्रायकोडर्मा से मृदा उपचार करें। फफूंदी जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए एक किलोग्राम ट्राइकोडर्मा पाउडर को 25 किलोग्राम कम्पोस्ट (गोबर की सड़ी खाद) में मिलाकर एक सप्ताह तक छायादार स्थान पर रखकर उसे गीले बोरे से ढंकें, ताकि ट्राइकोडर्मा के बीजाणु अंकुरित हो जाएं। इस कम्पोस्ट को एक एकड़( 20 नाली) खेत में फैलाकर मिट्टी में मिला दें। साथ ही, एक नाली में 40 किलोग्राम की दर से नीम की खली का भी प्रयोग करें।

7. खडी फसल में उकठा रोग आने पर रोग ग्रसित पौधों को उखाड़ कर नष्ट करें।

8. कार्बान्डाजिम (वेबस्टीन) एक चम्मच दवा तीन लीटर पानी में या कॉपर आक्सीक्लोराइड (ब्लाइटाक्स) एक चम्मच दवा दो लीटर पानी में घोल बनाकर खड़ी फसल के पौधों की जड़ों को तर करें। पांच दिनों के अन्तराल पर फिर किसी एक दवा का प्रयोग करें। एक ही दवा बार बार न प्रयोग करें।

समय समय पर स्ट्रेप्टोसाइकिलिन की एक ग्राम मात्रा 3 लीटर पानी में घोल बनाकर पौधों की जड़ों को तर कर उपचारित करें।

9. बोर्डो मिक्चर घोल से रोग ग्रसित पौधों की जड़ों को तर कर उपचारित करें।

बोर्डों मिक्चर कृषक स्वयं बना सकते हैं, जिसे बनाने की विधि इस प्रकार है-

80 ग्राम नीला थोथा (कॉपर सल्फेट) जिसे परचून / पन्सारी की दुकान से आसानी से खरीदा जा सकता है तथा 80 ग्राम अनबुझा चूना की निर्धारित मात्रा अलग-अलग पांच-पांच लीटर पानी में घोलें। इन दोनों घोलों को एक साथ उड़ेलते हुए तीसरे बर्तन में मिश्रित करें। यही मिश्रण बोर्डो मिश्रण है।

मिश्रण को बनाने के लिए कांच , मिट्टी अथवा प्लास्टिक के बर्तनों का ही प्रयोग करें, धातु से बने बर्तन का प्रयोग न करें, ताकि नीला थोथा में विद्यमान तांबा धातु के साथ बर्तन की धातु की कोई प्रतिक्रिया न हो।

बोर्डो मिश्रण बनाने के बाद इसकी अम्लता का परीक्षण करना आवश्यक है, क्योंकि अम्लीय मिश्रण में तांबा धातु के स्वतंत्र कण पौधों के लिए घातक होते हैं।

अम्लता के परीक्षण के लिए मिश्रण में एक साफ और तेजधार वाला चाकू समतल अवस्था में कुछ समय के लिए डुबाएं और फिर धीरे से बाहर निकाल कर देखें। यदि चाकू की धार के ऊपर लाल भूरे रंग की कोई तह जमी दिखाई दे तो समझें कि मिश्रण अम्लीय हैं। इसलिए  इसमें और चूना मिलाकर इसे सही करें। बोर्डो मिश्रण हमेशा ताजा स्थिति में ही प्रयोग करें।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button