
NIEPVD Students Win Medals: देहरादून, 31 अगस्त, 2025: उत्तराखंड के देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान- NIEPVD के आदर्श विद्यालय के छात्रों ने ग्वालियर में आयोजित 14वीं जूनियर और सब-जूनियर राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में शानदार प्रदर्शन किया है। 29 से 31 अगस्त 2025 तक अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र, ग्वालियर, मध्य प्रदेश में आयोजित इस प्रतियोगिता में संस्थान के छात्रों ने अपनी-अपनी कैटेगरी में पदक जीतकर संस्थान और अपने राज्य का नाम रोशन किया है।
NIEPVD Students Win Medals
इस प्रतियोगिता में देशभर के 22 राज्यों से लगभग 800 पैरा एथलीट ने हिस्सा लिया, जिसमें जूनियर और सब-जूनियर एथलीट शामिल थे। यह प्रतियोगिता इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि यहां से अगले साल दुबई में होने वाले यूथ एशियन गेम्स और साईं सेंटरों के लिए खिलाड़ियों का चयन होना था। इस दौरान, ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट और विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि भी एथलीट पर नजर रखे हुए थे।

संस्थान के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बात करें तो, सब-जूनियर कैटेगरी में हिमांशु भारद्वाज ने 1500 मीटर में एक स्वर्ण और 400 मीटर में एक रजत पदक जीतकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं, सुंदर सिंह ने भी सब-जूनियर कैटेगरी में 1500 मीटर में एक स्वर्ण और 400 मीटर में एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
कोच नरेश सिंह नयाल ने इस जीत का श्रेय संस्थान और आदर्श विद्यालय के प्राचार्य अमित शर्मा के पूर्ण सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी पूरा ध्यान दिया जाता है, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके।
इस उपलब्धि पर संस्थान के निदेशक ने भी कोच और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ही दृष्टि दिव्यांगजन का हर क्षेत्र में सर्वांगीण विकास करना है। इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय में उत्साह का माहौल है और अन्य विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ा है, जिससे उन्हें एक नई दिशा मिली है।













