
Uttarakhand higher education skill development: देहरादून, 07 जुलाई 2025ः उत्तराखंड में उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, नवोन्मेषी और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने देशभर के एक दर्जन प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पहल के तहत, राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की पहल पर, उच्च शिक्षा विभाग ने ये महत्वपूर्ण एमओयू साइन किए हैं। इस योजना के अंतर्गत, विद्यार्थियों को डिजिटल एवं फ्यूचर स्किल्स, सॉफ्ट स्किल्स, विज्ञान अनुसंधान, जीवन मूल्यों और नशामुक्ति जैसे विविध विषयों पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। साथ ही, शिक्षकों को भी उन्नत प्रशिक्षण देकर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जिन प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ ये समझौता पत्र साइन किए गए हैं, उनमें प्रमुख हैं:
- डिजिटल स्किल प्रशिक्षण योजना के लिए इन्फोसिस स्प्रिंगबोर्ड बेंगलुरु
- विज्ञान वर्ग प्रशिक्षण योजना के लिए आई.आई.एस.सी बेंगलुरु
- साथी केंद्र योजना के लिए आई.आई.टी. कानपुर
इसी प्रकार, अन्य महत्वपूर्ण समझौते इस प्रकार हैं:
- कल्पना शी फॉर स्टेम योजना के लिए विज्ञानशाला रोहिणी, नई दिल्ली
- कला और भारतीय संस्कृति की शिक्षा के लिए रूट्स टू रूट्स, नोएडा
- नशामुक्ति जन जागरूकता के लिए प्रजापति ब्रह्म कुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय, राजस्थान
- सॉफ्ट स्किल पाठ्यक्रम प्रशिक्षण के लिए महिंद्रा प्राइड और नान्दी फाउंडेशन, हैदराबाद
- डिजिटल एवं फ्यूचर स्किल प्रशिक्षण के लिए नैसकॉम
- लाइफ स्किल कोर्स प्रशिक्षण के लिए वाधवानी ग्रुप, बेंगलुरु
- स्किल डेवलपमेंट व रोजगार के लिए टाटा ग्रुप, मुंबई
Uttarakhand higher education skill development:
इसके अतिरिक्त, अमृता विश्व विद्यापीठम, केरल के साथ भी विभाग ने अनुबंध किया है। यह संस्थान अपने मटेरियल साइंस केंद्र एवं वर्चुअल लैब के माध्यम से विज्ञान विषय में शोध एवं अन्य गतिविधियों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का सहयोग करेगा। वहीं, एडुनेट फाउंडेशन, बेंगलुरु के माध्यम से उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं फैकल्टी को निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
“उच्च शिक्षण संस्थानों में मूल्य आधारित शिक्षा के साथ-साथ शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ एमओयू साइन किए गए हैं। इन संस्थानों के सहयोग से महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में विभिन्न प्रशिक्षण व जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनका सीधा लाभ छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को मिल रहा है।” – डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड












