FeaturedUttarakhand

धंसता जोशीमठः विकास के लिए पर्यावरण की अनदेखी

जोशीमठ पहुंचकर प्रभावितों से मिले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। उत्तराखंड का जोशीमठ शहर इन दिनों बड़े संकट के दौर से गुजर रहा है। जोशीमठ में जमीन धंसने से स्थिति लगातार बिगड़ रही है। छह सौ से ज्यादा मकानों में दरारें आ चुकी हैं। जोशीमठ के तमाम हिस्सों से सतह के नीचे पानी का बेतरतीब ढंग से रिसाव हो रहा है। भू-धंसाव से प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने और उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था करने की मांग उठाई जा रही है।

उधर, पूर्व केंद्रीय पर्यावरण मंत्री व कांग्रेस नेता जयराम रमेश, जो वर्तमान में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हैं, ने ट्वीट के माध्यम से कहा, जब मैं पर्यावरण मंत्री था, उत्तराखंड में विकास-पर्यावरण के मुद्दे से जूझता रहा। अधिकांश मामलों में, मैंने पारिस्थितिकीय संरक्षण के पक्ष में निर्णय लिया। इससे मेरे ज्यादा दोस्त नहीं बने, लेकिन जोशीमठ के ये दृश्य मेरी स्थिति की पुष्टि करते हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार शाम उच्च स्तरीय बैठक के बाद शनिवार को जोशीमठ पहुंचकर प्रभावितों से बातचीत की। उनका कहना है, प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने जोशीमठ के संबंध में अधिकारियों से रिपोर्ट लेकर अति संवेदनशील क्षेत्रों में बने भवनों को तत्काल खाली कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और चरणबद्ध ढंग से संवेदनशील जगहों से सबको शिफ्ट किया जाएगा।

इससे पहले जोशीमठ में भू-धंसाव के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने बीआरओ के अन्तर्गत निर्मित हेलंग बाईपास निर्माण कार्य, एनटीपीसी तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना के अन्तर्गत निर्माण कार्य एवं नगरपालिका क्षेत्रान्तर्गत निर्माण कार्यों एवं जोशीमठ-औली रोपवे का संचालन पर रोक लगा दी थी।

उधर, राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोहित उनियाल ने जोशीमठ शहर में जमीन धंसने से हजारों परिवारों को खतरा पैदा होने पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश से विस्तार से वार्ता की। उन्होंने जोशीमठ की जनता की सुरक्षा तथा सभी परिवारों के सुरक्षित विस्थापन की मांग को राष्ट्र स्तर पर उठाने की अपील की।

उनियाल ने कहा कि बड़े हाइड्रो प्रोजेक्ट्स की वजह से उत्तराखंड के पहाड़ों पर संकट खड़ा हो रहा है, इन प्रोजेक्ट्स को तत्काल रोकने की मांग को लेकर कांग्रेस संगठन को बड़ा आंदोलन करना होगा। उनियाल ने बताया, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने इस बात के लिए आश्ववस्त किया कि कांग्रेस संगठन भाजपा सरकार से इस समस्या के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेगी। उन्होंने संवेदनशील पहाड़ों में हाइड्रो प्रोजेक्ट को लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए कहा, उत्तराखंड सरकार पर स्थानीय निवासियों की सुरक्षा के लिए दबाव बनाया जाएगा।

उनियाल से वार्ता के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने जोशीमठ के मुद्दे पर एक ट्वीट किया, 26 महीने जब मैं पर्यावरण मंत्री था, उत्तराखंड में विकास-पर्यावरण के मुद्दे से जूझता रहा। अधिकांश मामलों में, मैंने पारिस्थितिक संरक्षण के पक्ष में निर्णय लिया। इससे मेरे ज्यादा दोस्त नहीं बने, लेकिन जोशीमठ के ये दृश्य मेरी स्थिति की पुष्टि करते हैं।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button