गन्ने में मिठास भरने के लिए दिनभर धूप में तपते किसान और श्रमिक
कृषि श्रमिक महिलाओं को पुरुषों के मुकाबले नहीं मिल पाता पर्याप्त पारिश्रमिक
राजेश पांडेय। न्यूज लाइव
मार्च की कड़ी धूप सहते हुए धर्मूचक गांव की प्रेमवती गन्ने की बुआई कर रही हैं। लगभग छह बीघा खेत में उनके साथ नौ श्रमिक, जिनमें छह महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं, भी गन्ना बो रहे हैं। उनको सुबह आठ से शाम पांच बजे तक खेत में रहना पड़ता है। वर्षों से खेतों में मेहनत कर रहीं 65 साल की प्रेमवती का काम बीज के लिए काटे गए टुकड़ों को इकट्ठा करके श्रमिकों को देना है। श्रमिक इन टुकड़ों को खेत में बनाई गईं लगभग आधा फीट गहरी क्यारियों में बो रहे हैं। गन्ना बोने का एक खास तरीका है, जो हर किसी के बस की बात नहीं है, हालांकि श्रमिक बड़ी आसानी से यह काम कर रहे हैं, क्योंकि यह उनका रोजाना का काम है।

गन्ने की बसंतकालीन बुआई के लिए मार्च का महीना सबसे अच्छा माना जाता है, पर भरी दोपहरी खेतों में काम करना आसान नहीं है। प्रेमवती बताती हैं, उनको सरकार से पेंशन मिलती है, पर उससे गुजारा नहीं होता। इसलिए उनको खेतों में काम करना पड़ता है। खेत में छाया कहां मिलेगी, यहां तो धूप में ही दिन गुजारना होता है। उन सभी ने आपस में काम बांटे हैं। उनका काम गन्ने के टुकड़ों को इकट्ठा करके देना है, ताकि इनको बोया जा सके।
आइए गन्ने की खेती में श्रम पर बात करें
गन्ने से चीनी बनाई जाती है और चीनी से मिठास वाले पकवान बनते हैं। सुबह की चाय से लेकर हर पर्व-त्योहार, खुशी के मौके पर बंटने वाली मिठाइयां भी चीनी से बनती हैं। पर, क्या हमने कभी सोचा है कि गन्ना कैसे उगता है। खेतों में गन्ना उगाने वाले किसानों और श्रमिकों के सामने क्या चुनौतियां पेश आती हैं। गन्ने से चीनी के अलावा और क्या-क्या मिलता है, यह आजीविका का कितना बड़ा जरिया है। इन सभी बातों को जानने के लिए हम खेतों की तरफ निकले, जहां हमने उन श्रमिकों से बात की, जो गन्ना बो रहे थे। हमने उन किसानों से भी बात की, जो गन्ना उगाते हैं।

श्रम को देखते हुए महिलाओं की दिहाड़ी काफी कम
” दिहाड़ी कम होने पर घर-परिवार चलाना मुश्किल हो जाता है। सुबह आठ से शाम छह बजे तक खेतों में काम करना होता है। दिन में एक घंटे का समय खाने के लिए मिलता है। मुझे प्रतिदिन 250 रुपये मिलते है, महंगाई को देखते हुए यह राशि काफी कम है। गन्ना बुआई का काम एक या दो महीने का ही होता है। इसके बाद गेहूं काटे जाएंगे। तेज धूप में काम करने से ब्लड प्रेशर हाई या लो होने की शिकायत हो जाती है। लोग बीमार भी हो जाते हैं। हमारे खानपान में कुछ विशेष नहीं है, सामान्य खाना- दाल-चावल, सब्जी रोटी है,” एक महिला श्रमिक हमें बताती हैं।

वहीं, बुल्लावाला गांव स्थित खेत में गन्ना बुआई कर रहीं साक्षी कांबोज बताती हैं, महिलाओं का प्रतिदिन 300 रुपये पारिश्रमिक निर्धारित है, जो कम है, जबकि पुरुषों को ज्यादा पारिश्रमिक 450 रुपये प्रतिदिन मिलता है, जबकि महिलाएं भी उनके बराबर मेहनत करती हैं। यह जरूर है कि महिलाओं से गन्ने की पुली (भारी बोझा) नहीं उठवाया जाता। वो सुबह आठ बजे आते हैं और शाम को छह बजे घर जाते हैं। मेहनत के हिसाब से पैसे कम मिलते हैं। महिलाओं को दस घंटे खेतों में श्रम करने के बाद घर के कामकाज भी निपटाने होते हैं। पशुपालन भी है। साक्षी के अनुसार, कृषि में काम की कमी नहीं है। इसके बाद धान कटाई, गन्ने की निराई, गुड़ाई, बरसात में धान की रोपाई का काम है। बरसात के बाद काम कम हो जाता है। पशुओं का चारा तो वर्षभर जुटाना होता है।

बुल्लावाला के ही एक खेत में गन्ना बोने के बाद खाद डाल रहे युवा प्रशांत कांबोज कहते हैं, महिलाओं को भी पुरुषों के समान दिहाड़ी मिलनी चाहिए, क्योंकि वो भी बराबर का कार्य करती हैं। वो सरकार और श्रम विभाग से गांवों में महिलाओं को समान पारिश्रमिक और रोजगार की व्यवस्था की मांग करते हैं। प्रशांत कहते हैं, किसानों और श्रमिकों को एक महत्वपूर्ण सावधानी बरतनी चाहिए, उनको खेतों में खाद डालते समय मास्क का इस्तेमाल करना चाहिए। इस समय एक तो तेज धूप हो रही है और ऊपर से कैमिकल वाली खाद से चक्कर आने लगते हैं। सरकार को कृषकों एवं श्रमिकों की सुरक्षा के उपायों पर ध्यान देना चाहिए। इस तरह के उपायों पर काम हो, जिससे खेतीबाड़ी में मुश्किलें कम हो जाएं।
बीज में मौजूद आंखों से अंकुरित होते हैं पौधे

प्रशांत, गन्ने की बुआई में खास सावधानी बताते हैं, बीज वाले गन्ने की पत्तियों को दरांती की बजाय हाथ से हटाया जाता है, जिससे गन्ने की पोरियों में मौजूद आंखें सुरक्षित रहें, क्योंकि बोने के बाद इन्हीं आंखों से पौधों का अंकुरण होता है। आंखें टूटने का मतलब गन्ना बीज के लायक नहीं रहा।
बुल्लावाला के किसान संजय शर्मा ने लगभग 25 बीघा में गन्ना बोया है। बताते हैं, खेत में खड़े गन्ने को बीज के लिए चिह्नित किया जाता है। बीज वाले गन्ने में किसी भी तरह का रोग नहीं होना चाहिए। जिस गन्ने में कोई छेद, लाल रंग की धारियां, सड़ापन या बीमारी दिखे, उसे अलग कर देते हैं। पूरी तरह स्वस्थ गन्ना ही बीज के लिए चयनित होता है। कई बार ऐसा भी होता है कि गन्ने का जड़ के पास वाला हिस्सा खराब है, तो अगोला वाला हिस्सा बीज के लिए चुन लेते हैं, जिसमें अमूमन खराबी नहीं होती। उन्होंने एक ढेर में से कुछ गन्ने निकालकर उनमें मौजूद कमियों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा, इनको बीज में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
धर्मूचक में श्रमिक नारायण सिंह लगभग 20 साल से खेतों में काम कर रहे हैं। बताते हैं, एक सीजन में लगभग डेढ़ सौ बीघा खेत में गन्ना बुआई कर लेते हैं। उनके अनुसार, जिस खेत में वो काम कर रहे हैं, छह बीघा का है। दस लोग मिलकर तीन दिन में इस खेत में गन्ना बो देंगे। खेती में काम मिलता रहता है। बताते हैं, बीज वाले गन्ने को टुकड़ों में बांटने का भी एक तरीका है, एक पीस में तीन या चार पोरी रखी जाती हैं, हर पोरी की शुरुआत में एक आंख होती हैं।
” गन्ने की हर पोरी की शुरुआत कहो या अंतिम हिस्सा, में आंखें होती है। जब हम गन्ने के टुकड़े को खेत में बोते हैं, तब इसकी प्रत्येक पोरी की कम से कम से एक आंख ऊपर की तरह होती है, जिससे अंकुरित होने वाला पौधा मिट्टी से बाहर निकलता है। इसलिए गन्ने के टुकड़ों को खेतों में बनी क्यारियों में इस तरह डालते हैं, ताकि अधिक से अधिक आंखें ऊपर की ओर हो जाएं। डेढ़ टुकड़ा यानी दो टुकड़ों की जगह पर तीन टुकड़े डाले जाते हैं, ताकि खेत का कोई भी हिस्सा ऐसा न हो, जहां पौध न उगे,” बीज वाला गन्ना दिखाते हुए कास्तकार संजय शर्मा बताते हैं।

85 फीसदी खेती रसगुल्ला प्रजाति के गन्ने की
उत्तराखंड के देहरादून जिला स्थित डोईवाला क्षेत्र में अधिकतर किसान गन्ने की 88230 किस्म लगा रहे हैं। इस किस्म को सामान्य बोलचाल में रसगुल्ला कहते हैं। रसगुल्ला इसलिए, क्योंकि इसमें भरपूर रस होता है। उत्तराखंड में 85 फीसदी खेती इसी प्रजाति की होती है। यहां कई खेतों में किसान गेहूं की लहलहाती फसल के बीच में भी गन्ना बो रहे हैं, जिसको मिश्रित खेती कहा जाता है।

बड़ी आबादी की आजीविका का जरिया है गन्ना
धर्मूचक और बुल्लावाला उत्तराखंड के देहरादून जिले की डोईवाला विधानसभा के गांव हैं, जो डोईवाला नगर पालिका स्थित चीनी मिल से लगभग छह-सात किमी. दूर हैं। वर्षों पुरानी चीनी मिल की वजह से पूरे देहरादून जिला के साथ ही हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से भी यहां गन्ना पहुंचता है।
गन्ना किसान देहरादून और डोईवाला से संचालित दो सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से चीनी मिल से जुड़े हैं। देहरादून जिले में नौ हजार से ज्यादा किसान 4352.62 हेक्टेयर में गन्ने की खेती करते हैं और इन समितियों के माध्यम से चीनी मिल को गन्ना पहुंचाते हैं। गन्ना मूल्य भुगतान भी यही समितियां कराती हैं। यानी, समितियां किसानों और चीनी मिल के बीच समन्वय का कार्य करती हैं। किसानों को फसल के लिए दवा, खाद उपलब्ध कराना भी समितियों की जिम्मेदारी है।

डोईवाला सहकारी गन्ना विकास समिति से लगभग साढ़े आठ हजार किसान जुड़े हैं, जिनमें साढ़े पांच हजार ही सक्रिय बताए जाते हैं, जो 2701.781 हेक्टेअर में गन्ना उगाते हैं। वहीं देहरादून समिति से जुड़े लगभग साढ़े तीन हजार किसान 1650.839 हेक्टेअर क्षेत्रफल में गन्ने की खेती करते हैं। किसान ही नहीं खेतों में काम रहे श्रमिक, पशुपालक, गन्ना विकास समितियों और चीनी उद्योग से जुड़े अधिकारी- कर्मचारी, व्यापारिक प्रतिष्ठान, परिवहन व्यवसायी, गन्ना उत्पादन से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं।
एक बार बोने पर तीन उपज
बुल्लावाला गांव में किसान संजय शर्मा बताते हैं, वैसे तो गन्ना शरद ऋतु में भी लगाया जाता है। मार्च की बुआई को बसंतकालीन बुआई कहा जाता है। एक बार बुआई के बाद गन्ने की तीन उपज ली जा सकेगी। यह एक साल में उपज देगा यानी एक साल बाद इसको चीनी मिल भेजा जाएगा। फिर अगले दो साल और फसल ले सकेंगे। इस साल बोने में बुआई की लागत अतिरिक्त लगेगी, बाकि मेहनत और खरपतवार निकालने, खाद, पानी, दवाइयों का काम तीनों साल चलता रहेगा। कुल मिलाकर इससे अंतिम फसल दिसंबर 2024 तक मिलेगी।

वो बताते हैं, गन्ने की देखभाल में काफी सावधानियों की आवश्यकता होती है। सामान्य शब्दों में कहा जाए तो गन्ना लागत के बराबर ही लाभ पहुंचाने की फसल है। एक बीघा में गन्ना लगाने की लागत सात हजार रुपये होगी, जिसमें बीज की लागत और श्रम भी शामिल है। इस तरह आपको एक बीघा में लगभग 50 से 60 कुंतल गन्ना मिल सकेगा, जिसका मूल्य लागत से दोगुना या थोड़ा बहुत ज्यादा होगा। यदि आपके पास गन्ना ज्यादा एरिया में लगाया गया है तो फिर लाभ भी ज्यादा होगा। दूसरे और तीसरे वर्ष में इसका लाभ बढ़ेगा, इसलिए गन्ना उत्पादन यहां आजीविका का बड़ा स्रोत है, क्योंकि इससे किसान ही नहीं, कृषि श्रमिकों को भी काम मिलता रहता है। पशुपालकों के लिए चारा भी उपलब्ध होता है।
बुआई से पहले और बाद की मेहनत
बुआई से पहले खेत को तैयार किया जाता है। मिट्टी को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाता है, जिससे मिट्टी में पोषक तत्वों के बारे में पता चलता है। इसी के अनुसार खाद एवं उर्वरक का प्रयोग किया जाता है। खेत में गन्ना लगाने के लिए क्यारियां बनाई जाती हैं। मिश्रित खेती के तहत इन दिनों गेहूं की फसल के साथ गन्ना बोया जा रहा है। गन्ने का बीज खेतों में खड़ी फसल से ही लिया जाता है। इन दिनों जहां एक ओर खेतों में गन्ना खड़ा है, वहीं उसकी बुआई भी चल रही है। खेतों से गन्ना काटकर चीनी मिल भेजा जा रहा है। वहीं, इसी फसल में से बीज के लिए भी गन्ना तलाशा जा रहा है।
शर्मा बताते हैं, खेत में नमी होनी चाहिए, जिसके लिए पानी लगाते हैं। गन्ना बोने के लिए खेत में एक से डेढ़ फीट गहराई तक जुताई होनी चाहिए। मिट्टी बारीक हो जानी चाहिए। मिट्टी का परीक्षण होता है। हमारे खेतों में जिंक की कमी पाई जाती है।

धर्मूचक में किसान धीर सिंह बताते हैं, गन्ने की बुआई से पहले खेत की अच्छी तरह जुताई करते हैं। इसमें गोबर की खाद डाली जाती है, जिसका अनुपात एक बीघा खेत में एक ट्राली खाद का होता है। इसके बाद एक बार फिर जुताई होती है, ताकि खाद अच्छी तरह मिट्टी में मिल जाए। इसके बाद बैलों की मदद से खेत में नर्सरी बनाई जाती हैं। गन्ना बुआई के बाद खेत में यूरिया डाला जाता है। नीम की खली भी इस्तेमाल करते हैं। जब गन्ना उग जाता है, तब खेत की निराई-गुड़ाई होती है। गन्ने से खरपतवार निकालने का काम तो चलता रहता है।

गन्ने से चीनी ही नहीं बहुत कुछ बनता है
सिमलास ग्रांट में खेती करने वाले गन्ना किसान उमेद बोरा बताते हैं, गन्ने से चीनी ही नहीं, बल्कि बहुत सारे उत्पाद तैयार होते हैं। चीनी मिल में गन्ने से चीनी, कोल्हू पर गुड़-शक्कर तैयार होते हैं। बाजार में आपको गन्ने के रस के स्टाल मिल जाएंगे, जिनको नींबू, हरा पुदीना मिलाकर गर्मियों में लोग बड़े चाव से पीते हैं। यह स्वरोजगार का जरिया है।

मिल में चीनी बनने के दौरान कई तरह उत्पाद, जैसे खोई ((Bagasse या बगास) निकलती है,जिसे कागज बनाने या फिर ईंधन के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। चीनी मिल से निकलने वाला शीरा एथानाल उत्पादन में काम आता है। यह डिस्टलरी को भी सप्लाई किया जाता है। मिलों से निकलने वाली मैली, जिसे प्रैस मड भी कहा जाता है, खेती के लिए फायदे वाली होती है, पर वही प्रैसमड खेती को फायदा पहुंचाती है, जिसमें गंधक यानी सल्फर की मात्रा हो। इसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश तथा पर्याप्त मात्रा में सल्फर, लोहा, तांबा आदि पोषक तत्व होते हैं।
गन्ना जैविक नहीं तो चीनी भी जैविक कहां से
जब गेहूं, धान सहित कुछ अन्य फसलें जैविक उगाने की बात हो रही है, तो उसमें गन्ना शामिल क्यों नहीं हो सकता। प्रगतिशील किसान उमेद बोरा बताते हैं, जब गन्ने की फसल जैविक नहीं होगी तो चीनी को जैविक कैसे कह सकते हैं। यदि किसान गन्ने की जैविक फसल उगाते भी हैं, तो वो फसल को कहां बेचेंगे। जैविक खेती में ज्यादा लागत आएगी और फिर चीनी मिल जैविक गन्ने के अधिक दाम नहीं देंगी। जैविक को भी सामान्य की तरह बेचना पड़ेगा, ऐसे में जैविक गन्ना की बात फिलहाल नहीं हो सकती।

वो बताते हैं, दूधली घाटी सहित तमाम गांवों में, जहां सिंचाई सुसवा नदी से होती है, में गन्ने के खेतों को प्रदूषित पानी से सींचना किसानों की मजबूरी है। सुसवा नदी में देहरादून शहर के बड़े नाले मिलते हैं, ऐसे में सुसवा से सिंचाई वाले खेतों में कैमिकल मुक्त उपज की बात नहीं की जा सकती।
उत्तराखंड में गन्ने की खेती और चीनी उत्पादन
उत्तराखंड पर्वतीय राज्य है, जिसके केवल चार जिलों हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल में ही गन्ने की खेती होती है। नैनीताल जिला में भी मैदानी हिस्से में गन्ना उगाया जाता है। उत्तराखंड के आर्थिक सर्वेक्षण 2020-21 में बताया गया है कि राज्य में कुल कृषि का नौ फीसदी गन्ना क्षेत्र है।
पर्वतीय क्षेत्र में गन्ना उत्पादन नहीं होता है। राज्य में कुल खेती का सबसे ज्यादा गेहूं 31 फीसदी, धान 23 फीसदी व मंडुआ दस फीसदी क्षेत्रफल में है। गन्ना चौथे नंबर की फसल है, जो कुल कृषि के मात्र नौ फीसदी क्षेत्रफल में उगाया जाता है। उत्तराखंड में सात चीनी मिल हैं। इनमें सहकारी व सार्वजनिक क्षेत्र की दो-दो तथा निजी क्षेत्र की तीन चीनी मिल हैं।

गन्ना क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे आगे हरिद्वार, उसके बाद ऊधमसिंह नगर, फिर देहरादून और नैनीताल का नंबर आता है। राज्य में वर्ष 2020-21 में कुल गन्ना क्षेत्रफल 84088 हेक्टेयर है, जो कि प्रति वर्ष कम होता जा रहा है। वर्ष 2010-11 में 104860 हेक्टेयर था। पूरे राज्य में लगभग सवा लाख गन्ना किसान हैं।
देखिए – गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग के आंकड़ें
Year | Cane Area (Hec) | Cane Production (Lac. Ton) | Yield (Lac. qtl) |
2010-2011 | 104860 | 63.94 | 609.00 |
2011-2012 | 108817 | 64.06 | 588.60 |
2012-2013 | 112394 | 69.71 | 620.20 |
2013-2014 | 109927 | 62.69 | 574.00 |
2014-2015 | 98794 | 60.96 | 617.00 |
2015-2016 | 93066 | 56.76 | 610.00 |
2016-2017 | 84956 | 51.42 | 605.00 |
2017-2018 | 86053 | 59.81 | 695.00 |
2018-2019 | 92938 | 70.17 | 755.00 |
2019-2020 | 84930 | 69.90 | 823.00 |
2020-2021 | 84088 | 62.20 Tentative | 823.00 Tentative |
स्रोतः उत्तराखंड गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग
देहरादून जिला के डोईवाला में चीनी मिल है, जिसकी प्रतिदिन की पेराई क्षमता 2500 टन गन्ना प्रतिदिन है, जिसने इस साल 15 फरवरी तक की रिपोर्ट के अनुसार, 16.28 लाख कुंतल गन्ना पेराई हो चुका है, जिससे 1.43 लाख कुंतल चीनी उत्पादन हुई है, यानी 8.91 फीसदी रिकवरी रेट है।

देखें तालिका-
गन्ना पेराई, चीनी उत्पादन और रिकवरी | |||||
पेरोई सत्र 2021-2022 | |||||
दिनांक-15.02.2022 | |||||
चीनी मिल | पेराई क्षमता
टीसीडी- पेराई प्रतिदिन टन में |
गन्ना पेराई
(लाख कुंतल में) |
चीनी उत्पादन
(लाख कुंतल में) |
रिकवरी | |
1 | 2 | 3 | 4 | 5 | 6 |
1 | बाजपुर | 4000 | 21.84 | 2.01 | 9.49 |
2 | नादेही | 2000 | 16.42 | 1.66 | 10.19 |
3 | सितारगंज | 2500 | 8.60 | 0.62 | 8.17 |
4 | किच्छा | 4000 | 24.09 | 2.37 | 9.98 |
5 | डोईवाला | 2500 | 16.28 | 1.43 | 8.91 |
6 | लिब्बरहेड़ी | 6250 | 45.96 | 4.57 | 10.16 |
7 | इकबालपुर | 5500 | 37.07 | 3.80 | 10.48 |
8 | लक्सर | 10000 | 76.47 | 7.79 | 10.53 |
कुल | 36750 | 246.73 | 24.25 | 9.71 |
स्रोतः उत्तराखंड गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग
वरिष्ठ पत्रकार नार्दर्न गैजेट के संपादक एसएमए काजमी का कहना है, कृषि विभाग को खेतों में काम करने वाले श्रमिकों का रिकार्ड रखना चाहिए, ताकि उनको समुचित पारिश्रमिक सहित विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा सकें। असंगठित क्षेत्रों में कार्य करने वाले श्रमिकों को चिह्नित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, महिलाओं को पुरुषों से कम पारिश्रमिक दिया जाना लैंगिक समानता के नियम के विरुद्ध है, इसमें सरकारी स्तर पर अनिवार्य रूप से हस्तक्षेप होना चाहिए।