
DisasterFeaturedUttarakhand
टनल में फंसे सभी श्रमिक सुरक्षित, सभी को जल्द बाहर निकाल लेंगेः सीएम
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन कर उत्तरकाशी के सिलक्यारा के पास टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी रेस्क्यू ऑपरेशन के विषय में जानकारी ली। वहीं, केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन जयराम गडकरी नेे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ सिलक्यारा सुरंग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरंग में फंसे श्रमिकों को निकालने के लिए चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश व दुनिया में उपलब्ध श्रेष्ठतम विशेषज्ञों द्वारा सुरंग में फंसे लोगोें को निकालने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने रेस्क्यू के हर विकल्प पर उच्च क्षमता व तत्परता के साथ काम किए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार आवश्यक बचाव उपकरण व संसाधन उपलब्ध करा रही है। केंद्र और राज्य की एजेंसियों के परस्पर समन्वय से श्रमिकों को जल्द ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। फिलहाल टनल में फंसे श्रमिकों का मनोबल बनाए रखने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने अद्यतन स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य और केंद्रीय एजेंसियां परस्पर समन्वय और तत्परता के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
टनल में फंसे श्रमिक सुरक्षित हैं और ऑक्सीजन, पौष्टिक भोजन तथा पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरंग के अंदर फंसे सभी मजदूर सुरक्षित हैं और उन्हें जल्द बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। अभी तक प्रधानमंत्री तीन बार मुख्यमंत्री से स्थिति की जानकारी ले चुके हैं। पीएमओ की टीम भी मौके का निरीक्षण कर चुकी है।













