बंद होने वाला था यह स्कूल, शिक्षकों के प्रयास से 138 हो गई छात्र संख्या

Rajesh Pandey

देहरादून। राजकीय प्राथमिक विद्यालय रामगढ़ में मंगलवार को विद्यालय प्रबंधन समिति की दिसंबर माह की बैठक में छात्रों की शैक्षिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, विद्यालय अनुदान के उपभोग सहित कई विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में निवर्तमान पार्षद मामचंद ने कहा, एक समय यह विद्यालय बंद होने की स्थिति में आ गया था, लेकिन अब विद्यालय के शिक्षकों के अथक प्रयासों से विगत पाँच वर्षों में विद्यालय की छात्र संख्या 138 तक पहुंच गई है।

बैठक में मुख्य अतिथि निवर्तमान पार्षद मामचंद को कार्यकाल पूर्ण होने पर विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से सम्मानित किया गया। पार्षद विद्यालय प्रबंधन समिति के पदेन सदस्य होते हैं। बैठक में विशिष्ट अतिथि प्लान इंडिया के जिला प्रमुख प्रकाश नेगी ने डेटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया कार्यक्रम के बारे में अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य अतिथि ने समस्त छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को प्लान इंडिया के सौजन्य से प्राप्त सुरक्षा किट वितरित की। प्लान इंडिया के जिला प्रमुख प्रकाश नेगी ने सुरक्षा किट में उपलब्ध टॉर्च, सीटी, आई कार्ड, पाउच टाइप वॉटर बॉटल, बैंडेड तथा बैग टैग के उपयोग के बारे में छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अभिभावकों को जानकारी दी।

बैठक में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द सोलंकी ने कहा, क्षेत्रीय पार्षद का कार्यकाल विद्यालय हित में बहुत ही उपयोगी रहा है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठकों में निरंतर उपस्थित होकर विद्यालय की प्रगति के लिए समय-समय पर आवश्यक सुझाव एवं सहयोग प्रदान किया है।

उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से उनके अनवरत सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक अपने पाल्यों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने सभी अभिभावकों से विद्यालय के गृह कार्य में यथासंभव सहयोग करने का अनुरोध किया।

बैठक में निवर्तमान पार्षद मामचंद ने कहा, एक समय यह विद्यालय बंद होने की स्थिति में आ गया था, लेकिन अब विद्यालय के शिक्षकों के अथक प्रयासों से विगत पाँच वर्षों में विद्यालय की छात्र संख्या 138 तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पार्षद के रूप में मेरा कार्यकाल भले ही पूर्ण हो गया है, लेकिन इस क्षेत्र का नागरिक होने के नाते मैं विद्यालय में सहयोग के लिये सदैव तत्पर रहूंगा। उन्होंने विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं के लिए यथाशीघ्र एक-एक स्वेटर प्रदान करने का वादा किया।

बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुदेश देवी, सहायक अध्यापिकाएं उषा चौधरी, रुचि सेमवाल, मीना घिल्डियाल, मधुलिका, भोजन माताएं लक्ष्मी देवी, विमला देवी, नीलिमा थापा तथा सभी छात्र-छात्राओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *