By using this site, you agree to the Privacy Policy and Terms of Use.
Accept
NEWSLIVE24x7NEWSLIVE24x7NEWSLIVE24x7
  • About
  • Agriculture
  • Uttarakhand
  • Blog Live
  • Career
  • News
  • Contact us
Reading: आपदा प्रभावित चिफल्डी-2ः पता नहीं कब खत्म होंगी डराने वाली रातें
Share
Notification Show More
Font ResizerAa
NEWSLIVE24x7NEWSLIVE24x7
Font ResizerAa
  • About
  • Agriculture
  • Uttarakhand
  • Blog Live
  • Career
  • News
  • Contact us
  • About
  • Agriculture
  • Uttarakhand
  • Blog Live
  • Career
  • News
  • Contact us
Have an existing account? Sign In
Follow US
  • Advertise
  • Advertise
© 2022 Foxiz News Network. Ruby Design Company. All Rights Reserved.
- Advertisement -
Ad imageAd image
NEWSLIVE24x7 > Blog > Blog Live > आपदा प्रभावित चिफल्डी-2ः पता नहीं कब खत्म होंगी डराने वाली रातें
Blog LiveDisasterFeaturedUttarakhandVillage Tour

आपदा प्रभावित चिफल्डी-2ः पता नहीं कब खत्म होंगी डराने वाली रातें

Rajesh Pandey
Last updated: July 27, 2024 7:21 pm
Rajesh Pandey
4 years ago
Share
टिहरी गढ़वाल जिले की धनोल्टी विधानसभा के चिफल्डी गांव के आपदा प्रभावित परिवार से मिलने ससुराल से पहुंची गीता देवी अपनी मां से मिलते ही रोने लगती हैं। फोटो- राजेश पांडेय
SHARE

चिफल्डी से राजेश पांडेय

ससुराल से 15 किमी. पैदल चलकर तौलिया काटल पहुंची गीता अपनी मां बिमला देवी से मिलते ही रोने लगती हैं। आपदा के बाद से गीता पहली बार अपने मायके वालों से मिलने आई हैं। सारे रास्ते बंद थे, नदियां उफान पर थीं, इसलिए उनको मां के पास तक पहुंचने में एक हफ्ता लग गया।

गीता, टिहरी गढ़वाल के जौनपुर ब्लाक के सेरा गांव में रहती हैं, जहां से इन दिनों तौलिया काटल तक पहुंचना खुद को जोखिम में डालने जैसा है। गीता अपने परिवार के लोगों के साथ, सुबह छह बजे पैदल चलीं और दोपहर साढ़े 12 बजे तक मां बिमला देवी के पास पहुंच पाईं। बताती हैं, हमें उसी दिन पता चल गया था कि लोग बेघर हो गए हैं। उनके पास खाने पीने का सामान तक नहीं है। पर, हम मजबूर थे, क्या कर सकते थे, हम यहां कैसे पहुंचते। गीता अपने साथ, राशन सामग्री भी लेकर पहुंची हैं।

टिहरी गढ़वाल जिले के चिफल्डी गांव के आपदा प्रभावित परिवार तौलिया काटल के प्राइमरी स्कूल भवन में रह रहे हैं, गांव के लोग उनके लिए राशन सामग्री लेकर पहुंच रहे हैं। फोटो- राजेश पांडेय

गीता की मां बिमला देवी ने पति प्रताप सिंह, तीन बेटों, पुत्र वधुओं और उनके बच्चों के साथ प्राइमरी स्कूल में शरण ली है। कहती हैं,  मैंने यहां कभी ऐसी आपदा नहीं देखी। गांव की आजीविका खेतीबाड़ी और पशुपालन पर टिकी थी। अब तो सबकुछ बर्बाद हो गया। हमारे पशु और घर में रखा सामान बाढ़ में बह गए। हमारे मकान में 11 कमरे थे, पर अब कुछ नहीं बचा। 19 अगस्त की रात तेज बारिश में हम छोटे-छोटे बच्चों को लेकर यहां इतनी ऊंचाई पर दौड़ते हुए पहुंचे। सब पूरी तरह भींगे हुए थे। हम सब खाली हाथ थे।

तौलिया काटल का प्राइमरी स्कूल भवन नदी से थोड़ा ऊँचाई पर है, जो चिफल्डी गांव से लगभग चार सौ मीटर दूर होगा।

” यहां स्कूल के दो कमरों में 28 लोग रह रहे हैं। इनमें छह पुरुष, 15 महिलाएं और सात बच्चे हैं। पूरे इलाके में आपदा के बाद से ही बिजली गायब है। रात को यहां उमस रहती है, दिन में तेज धूप। रातभर मच्छर परेशान करते हैं और जंगली जानवरों, खासकर भालू का डर रहता है। पानी की व्यवस्था भी, एक हफ्ते बाद हो पाई है। यहां इन हालात में हमें कब तक रहना पड़ेगा?”, 52 वर्षीय बिमला पंवार यह सवाल उठाती हैं।

उनका कहना है, हमें यहां कब तक रहना पड़ेगा, नहीं मालूम। कुछ दिन में स्कूल खुल जाएगा, तब हम यहां से कहां जाएंगे। हमारे पास कपड़े तक नहीं हैं। गांववालों ने जो कपड़े दिए, उन्हीं को पहन रहे हैं। उनका पौत्र प्रिंस मात्र पांच माह का है, जिसकी दवा चल रही है। पेट में दर्द से प्रिंस रातभर रोता है। वो चाहते हैं, जल्द से जल्द प्रशासन हमें सुरक्षित एवं सुविधाजनक स्थान पर पहुंचा दे।

टिहरी गढ़वाल के चिफल्डी गांव में आपदा प्रभावित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उषा, तौलिया काटल के प्राइमरी स्कूल भवन में। फोटो- गजेंद्र रमोला

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऊषा बताती हैं, मैं गांव में ही किराये के कमरे में रहती हूं। मैं भी अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ तेज बारिश में स्कूल तक दौड़ी थी। जब हम स्कूल में पहुंचे तो पता चला कि हमारे पास यहां के कमरों की चाबियां नहीं हैं। अब हम वहां वापस नहीं जा सकते थे। चाबियां तो वैसे भी नहीं मिलती, क्योंकि सबकुछ बाढ़ में बह रहा था। हमें दो कमरों के तालों को तोड़ना पड़ा। बिजली नहीं थी और हम पूरी रात भींगे कपड़ों में बैठे रहे। सुबह देखा तो हमारे घर टूटे पड़े थे। नदी पूरे गांव में बह रही थी।

यह भी पढ़ें- आपदा प्रभावित चिफल्डी-1ः रातभर पेट दर्द से रोता है पांच महीने का प्रिंस

यह भी पढ़ें- प्रिंस के उपचार के लिए चिफल्डी पहुंची मेडिकल टीम

“यहां की रसोई आंगनबाड़ी केंद्र भवन की ओर है, जहां रात को अकेले जाने में डर लगता है। जब महिलाएं खाना बनाती हैं, तब पुरुषों को वहां रहना पड़ता है, क्योंकि बिजली नहीं होने से रात को यहां अंधेरा हो जाता है। एक बार तो यहां स्कूल के वक्त भालू पास ही दिखाई दिया। बच्चों को उस दिन कमरे में ही रखा गया। कई दिन तक भालू का डर सताता रहा। गांव के वीर सिंह पर भी भालू ने हमला किया था,” ऊषा ने बताया।

उधर, टिहरी के जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार का कहना है, नदी में पानी कम होने पर चिफल्डी गांव के आपदा प्रभावित परिवारों को अस्थाई रूप से किसी सुविधाजनक स्थान पर भेजेंगे। टिहरी गढ़वाल जिले से आपदा प्रभावित कुछ गांवों में यह व्यवस्था की गई है। जब प्रभावितों के गांव में सभी व्यवस्थाएं, सुविधाएं सुनिश्चित हो जाएंगी, उनको वापस स्थाई रूप से ले आएंगे। प्रभावितों को, आवास को पहुंचे नुकसान के अनुसार मुआवजा दिया जा रहा है। राहत सामग्री गांवों तक भेजी जा रही है।

यह भी पढ़ें- Uttarakhand: दो लीटर दूध बेचने के लिए रैजा देवी का संघर्ष, बाघ और हमारा रास्ता एक ही है
यह भी पढ़ें-सरिता बोलीं, विपदा आए तो मेरी तरह चट्टान बनकर खड़े हो जाओ

देहरादून शहर से लगभग 35 किमी. दूर चिफल्डी गांव (ग्वाल डांडा) में आपदा से खेतीबाड़ी, मकान तबाह हो गए, जो घर बचे भी हैं, उनमें मलबा भर गया या नदी के प्रवाह क्षेत्र में आकर हमेशा के लिए खतरे की जद में आ गए। गांव वाले बताते हैं, 19 अगस्त, 2022 की रात जैसा कहर गांव पर पहले कभी नहीं बरपा। चिफल्डी नदी तो गांव से काफी नीचे बहती थी, पर अब नदी ने पूरे गांव में विस्तार ले लिया है। वहीं, ऊपर पहाड़ से आ रहा गदेरा भी कम कहर नहीं बरपा रहा है।

टिहरी गढ़वाल की धनोल्टी विधानसभा के गांव चिफल्डी में सोबन सिंह, जिनके घर को नदी और गदेरे दोनों से खतरा है। फोटो- राजेश पांडेय

इस गदेरे से थोड़ा दूरी पर सोबन सिंह का मकान है। सोबन सिंह खेतीबाड़ी व पशुपालन करते हैं। बताते हैं, पहले कभी इस गदेरे में इतना पानी नहीं आया। 19 तारीख की रात का जिक्र करते हुए सोबन बताते हैं, मलबा घर की निचली मंजिल में घुसने लगा, जिसमें हमारे पशु रहते हैं और अनाज रखा जाता है। किसी तरह पशुओं को बाहर निकालकर थोड़ा ऊंचाई पर ले गए। उन्होंने पत्नी चमनी देवी के साथ घर छोड़ दिया और पास ही एक पहाड़ी की ओट में खड़े हो गए। इस समय उनके साथ गांव के कुछ लोग और थे।

यह भी पढ़ें-  मुझे ऐसा लगा, जैसे मैंने अपने बक्से से पैसे निकाले हों
यह भी पढ़ें- खेतीबाड़ी पर बात करते हुए गीता की आंखें नम क्यों हो गईं

बताते हैं, जहां हम लोग खड़े थे, वहां तक गदेरे का पानी आने लगा। हम घबराकर थोड़ा आगे बढ़ गए। पूरी रात बारिश में ही गुजारी। सोबन के अनुसार, गदेरे का पानी उनके मकान तक पहुंचा रहा है।

आपदा के बाद से बंद हैं रास्ते  

टिहरी गढ़वाल जिले की ग्राम पंचायत तौलिया काटल की आबादी लगभग साढ़े चार सौ के आसपास बताई जाती है। इसके मजरे चिफल्डी गांव, जहां बाढ़ से काफी तबाही मची है, लगभग डेढ़ सौ से दो सौ की आबादी प्रभावित हुई है। गांव तक आने जाने के सुरक्षित रास्ते एक सप्ताह बाद भी बंद हैं। चिफल्डी नदी का लगभग 30 साल पुराना पुल भी बह गया। इसी पुल से गांव देहरादून से जुड़ा था। उधर, तौलिया काटल के राजेश पंवार बताते हैं, बाढ़ से कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। तीन चार मकान खतरे की जद में हैं। सौंदड़ा में सौंग नदी पर बनी ट्रालियां, जिनको स्थानीय लोग गरारी कहते हैं, बाढ़ में बह गईं। इन ट्रालियों में बैठकर ही नदी पार की जाती थी।

चिफल्डी तक पहुंचना खतरे से खाली नहीं

धनोल्टी विधानसभा के इस हिस्से तक पहुंचने के लिए देहरादून से पहले मालदेवता, कुमाल्डा होते हुए दुबड़ा गांव तक पहुंचना होगा। दुबड़ा से चिफल्डी जाने के लिए लगभग चार किमी. तक उस रास्ते पर चलना होगा, जो अभी बन रहा है। नियो विजन के संस्थापक गजेंद्र रमोला के साथ, हमने चिफल्डी गांव के ऊपरी हिस्से के खेतों की पगडंडियों को पार किया।

दुबड़ा से होते हुए चिफल्डी नदी तक पहुंचने के लिए इस तरह का रास्ता है, जो एक बड़े नाले के किनारे से होता हुआ जाता है। नियोविजन के संस्थापक गजेंद्र रमोला चिफल्डी गांव तक जाते हुए। फोटो- राजेश पांडेय

कुछ घरों के सामने से होते हुए शुरू होता है, वो जोखिमभरा रास्ता, जो पहाड़ से आ रहे खाले के किनारे होते हुए चिफल्डी नदी तक पहुंचाता है। बड़े पत्थरों और बजरी के ढेरों पर पैरों को काफी संभालकर रखना पड़ रहा था। पैरों के नीचे से बजरी खिसकने का डर बना था। यह खाला, तबाही वाले दिन कितना रौद्र होगा, यहां बिखरे पड़े बड़े पत्थरों और पेड़ों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है। यहां थोड़ा आगे बढ़ते हैं, तो रास्ता बंद मिलता है, फिर खोजनी पड़ती है, वो जगह जहां से चिफल्डी नदी तक पहुंचा जा सके। जोखिम उठाते हुए चिफल्डी के पास तक पहुंच गए। इस खाले के बहाव को नियंत्रित करने के लिए लगाए गए बड़े पत्थरों की जालियां, पुस्ते सबकुछ तो तबाह हो गए।

देहरादून से चिफल्डी गांव तक पहुंचने के लिए चिफल्डी नदी को पार करना होगा, जिसके किनारे पड़े बड़े पेड़ों और पत्थरों को देखकर बाढ़ की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। फोटो- राजेश पांडेय

ग्रामीण कमल सिंह, जो चिफल्डी (ग्वाल डांडा) के ही रहने वाले हैं, हमें नदी के इस छोर पर ही मिल जाते हैं। नदी से कुछ ऊंचाई पर धान के खेत लहलहा रहे हैं। पर, जैसे ही नदी के पास जाने के लिए नीचे उतरते हैं, आपदा कितनी भयावह थी, साफ पता चल जाता है। इन दिनों नदी में पहले की तरह ज्यादा पानी नहीं है, इसलिए इसको पैदल पार कर सकते हैं, कमल सिंह हमें यह जानकारी देते हैं। पर, हमारे हिसाब से नदी को इस समय पार करने का जोखिम नहीं उठाना चाहिए।

चिफल्डी नदी के किनारे बड़े पेड़ों, चट्टानों जैसे पत्थरों से भरे पड़े है। हमारे अनुसार, पानी अभी भी तेज है। कमल हमें चिफल्डी गांव ले जाने के लिए हाथ पकड़कर नदी पार कराते हैं। तेज बहाव के बीच आपके पैरों पर टकराते पत्थर साफ महसूस होते हैं।

हम यहां रहते हैं-

फेसबुक पर हमारा पता
फेसबुक पर हमारा पेज- तक धिनाधिन
DUG DUGI यूट्यूब चैनल पर हमारे वीडियो
डुगडुगी है हमारी वेबसाइट

You Might Also Like

एन्फ्लुएंजा को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश
अयोध्या में प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा, सीएम धामी ने किए वर्चुअल दर्शन
भारत से विलुप्त हो चुके चीतों को कुनो नेशनल पार्क में छोड़ा
उत्तराखंडः बीच में ही सर्जरी रोकनी पड़ी, महिला रोगी को हेलीकॉप्टर से भेजा ऋषिकेश, एम्स ने बचाई जान
ऋषिकेश की शिक्षिका की यादेंः गढ़वाल का यह गांव आज भी जेहन में है
TAGGED:Chifldi VillageDisaster affected areaRemote Village of Tehri GarhwalTehri Garhwal Disaster 2022Uttarakhand disaster
Share This Article
Facebook Whatsapp Whatsapp Email Copy Link Print
ByRajesh Pandey
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Previous Article प्रिंस के उपचार के लिए चिफल्डी पहुंची मेडिकल टीम
Next Article पहाड़ी पैडलर्स ने जोखिम वाले रास्तों से होते हुए चिफल्डी पहुंचाई राहत सामग्री
Leave a Comment

Leave a Reply Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

https://newslive24x7.com/wp-content/uploads/2026/04/CM-Dhami-4-Year-Journey-2026-2-Min-1.mp4

Sajani Pandey Editor newslive24x7.com

Prem Nagar Bazar Doiwala Dehradun
Prem Nagar Bazar Doiwala Dehradun Doiwala, PIN- 248140
9760097344
© 2026 News Live 24x7| Developed By: Tech Yard Labs
Welcome Back!

Sign in to your account

Username or Email Address
Password

Lost your password?