FeaturedNewsUttarakhand

ऋषिकेश में योग महोत्सवः शामिल होने के लिए करा सकते हैं पंजीकरण

ऑनलाइन पंजीकरण https://gmvnonline.com पर किया जा सकता है

देहरादून। 27 फरवरी, 2025
ऋषिकेश में एक से सात मार्च के बीच होने जा रहे अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। योग महोत्सव में धर्म, अध्यात्म और योग जगत के जाने माने गुरु और योगाचार्य शामिल होंगे। प्रतिभाग करने के लिए ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन पंजीकरण भी किए जा रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण https://gmvnonline.com पर किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऋषिकेश, सदियों से योग की भूमि रही है। देश-विदेश के योग साधक इसी वजह से ऋषिकेश आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान में भी योग की अहम भूमिका है। इसलिए, सरकार ऋषिकेश में योग गतिविधियों को लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रही है। अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव इसी दिशा में एक कदम है।
जीएमवीएन केे एमडी विशाल मिश्रा ने बताया, गढ़वाल मंडल विकास निगम और पर्यटन विभाग को गंगा रिसोर्ट ऋषिकेश में आयोजित अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में 20 हजार से अधिक योग साधकों और प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
महोत्सव में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशोरी, अक्षत गुप्ता का मार्गदर्शन मिलेगा।
इसके साथ ही, प्रतिदिन शाम को होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्तराखंडी लोक नृत्यों की प्रस्तुति भी होगी।
उन्होंने बताया, अलग-अलग सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी ऊषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी भी व्याख्यान देंगे।
जीएमवीएन के एमडी मिश्रा ने बताया कि ऋषिकेश में योग महोत्सव तीन दशक से किया जा रहा है। गत वर्ष के आयोजन में 42 देशों के 890 विदेशी मेहमानों ने प्रतिभाग किया था। इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
प्रतिभाग करने के लिए ऑनलाइन के साथ ही ऑफलाइन पंजीकरण भी किए जा रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण https://gmvnonline.com पर किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस बार योग महोत्सव ग्रीन थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसलिए, महोत्सव से पहले और बाद में आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button