
Uttarakhand SCERT DIET service rules: चार साल में भी नहीं बनी नियमावली, एक माह में कैबिनेट में प्रस्तुत करने के निर्देश
शिक्षा सचिव को निर्देश, कार्मिका विभाग से समन्वय बनाकर आपत्तियों का करे निस्तारण
Uttarakhand SCERT DIET service rules: देहरादून, 18 अगस्त 2025: उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) के लिए नियमावली तैयार करने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षा सचिव को तत्काल कार्मिक विभाग के साथ समन्वय करके इस समस्या को दूर करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, उन्होंने SCERT और DIET में लंबे समय से खाली पड़े पदों को जल्द भरने के लिए भी कहा।
Also Read: Rethinking Education: रटकर याद करने की बजाय सीखने-समझने पर जोर
नियमावली में देरी पर नाराजगी
Uttarakhand SCERT DIET service rules: विधानसभा में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान, मंत्री ने अधिकारियों को SCERT और DIET की नियमावली तैयार करने में हो रही चार साल की अनावश्यक देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इस देरी को ‘लापरवाही की पराकाष्ठा’ बताया। डॉ. रावत ने शिक्षा सचिव रविनाथ रमन को कार्मिक विभाग के साथ मिलकर इस काम में आ रही बाधाओं को दूर करने और एक महीने के भीतर नियमावली को कैबिनेट में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
रिक्त पदों को भरने पर जोर
मंत्री ने कहा कि SCERT और DIET में अकादमिक और गैर-अकादमिक पद खाली होने से शिक्षण और प्रशिक्षण कार्य बाधित हो रहे हैं, जिसका असर लाखों छात्रों पर पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को सभी 13 DIETs में प्रवक्ता (Lecturer) के 221 रिक्त पदों को भरने के लिए तत्काल राज्य लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर, ऐसे शिक्षकों को DIET में अस्थायी रूप से तैनात करने का सुझाव दिया जिनके विषयों में छात्रों की संख्या शून्य है, ताकि प्रशिक्षण कार्यक्रम सुचारु रूप से चल सकें। मंत्री ने बताया कि वर्तमान में DIET में वरिष्ठ प्रवक्ता के 69 और प्रवक्ता के 53 पद खाली हैं।













