agricultureFeaturedUttarakhand

उत्तराखंड में गन्ने का नया समर्थन मूल्य घोषित

देहरादून। उत्तराखंड में किसान लंबे समय से बढ़ी हुई दरों पर गन्ने का समर्थन मूल्य घोषित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार ने सोमवार को गन्ने की अगेती एवं सामान्य प्रजाति के समर्थन मूल्य को क्रमशः ₹355 और ₹345 प्रति क्विंटल कर दिया है। इसको अब तक की सबसे बड़ी गन्ना मूल्य बढ़ोतरी बताया जा रहा है।
साथ ही, गन्ना भाड़ा में भी कमी की घोषणा की है। किसानों को अभी तक गन्ना भाड़ा 11 रुपये प्रति क्विंटल चुकाना पड़ता था, उसको कम करके साढ़े नौ रुपये कर दिया गया है। हालांकि किसानों ने गन्ना उत्पादन की लागत में वृद्धि को देखते हुए इस रेट को कम बताते हुए निराशा व्यक्त की है।
गन्ना क्षेत्रफल के हिसाब से सबसे आगे हरिद्वार, उसके बाद ऊधमसिंह नगर, फिर देहरादून और नैनीताल का नंबर आता है। राज्य में वर्ष 2020-21 में कुल गन्ना क्षेत्रफल 84088 हेक्टेयर है, जो कि प्रति वर्ष कम होता जा रहा है। वर्ष 2010-11 में 104860 हेक्टेयर था। पूरे राज्य में लगभग सवा लाख गन्ना किसान हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की है, जिसमें कहा गया है, अन्नदाता खुशहाल हो तो देश भी खुशहाल रहता है। किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है।

जरूर पढ़ें- धर्मनिरपेक्ष गन्ने के बाद अब भांग का तड़का

इसी सोच के चलते आज हमारी सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए गन्ने के समर्थन मूल्य में अभूतपूर्व वृद्धि करके गन्ने की अगेती एवं सामान्य प्रजाति के समर्थन मूल्य को क्रमशः ₹355 और ₹345 प्रति क्विंटल कर दिया है।

जरूर पढ़ें- हरीश रावत ने अपना नया नाम रख लिया

मुख्यमंत्री धामी ने सितारगंज में ‘दि किसान सहकारी चीनी मिल्स लिमिटेड’ का शुभारंभ किया। एक अन्य पोस्ट में मुख्यमंत्री लिखते हैं, आज का दिन सितारगंज के लिए ऐतिहासिक है। राज्य के गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए हमने गन्ने की अगेती प्रजाति का भाव 355 रुपये प्रति कुन्तल तथा सामान्य प्रजाति का भाव 345 रुपये प्रति कुन्तल करने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें- गन्ने से सुनिये, जिंदगी की कहानी

मालूम हो कि इससे पहले गन्ने की अगेती प्रजाति का समर्थन मूल्य रुपये 327 तथा सामान्य प्रजाति का समर्थन मूल्य 317 रुपये था।
जरूर पढ़ें-किसान को फिर नुकसान, धान के बाद अब गन्ने पर रोग का संकट
प्रगतिशील गन्ना किसान उमेद बोरा का कहना है कि सरकार ने किसानों की मांग के अनुसार गन्ने का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाया है। किसान गन्ने का समर्थन मूल्य  450 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है कि लगभग चार साल से रेट नहीं बढ़ाया गया। पेट्रोल, डीजल, पानी, खाद, श्रम और अन्य संसाधनों की दर दोगुनी हो गईं, पर गन्ना मूल्य उसके अनुसार नहीं बढ़ाया जा रहा है। इससे किसान निराश हैं। भानियावाला के कृषक हरविंदर सिंह का कहना है कि हम प्रति क्विंटल 450 रुपये की मांग कर रहे हैं। सरकार द्वारा घोषित नया रेट निराशाजनक है। क्योंकि खेती में लागत पहले की तुलना में काफी बढ़ी है।

 

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button