FeaturedhealthNewsUttarakhand

उत्तराखंड में बढ़ रहे ब्लैडर कैंसर के मामले

ऋषिकेश। उत्तराखंड राज्य में यूरीन ब्लैडर कैंसर के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। एम्स के यूरोलाॅजी विभाग के हेड और यूरोलाॅजिस्ट डाॅ. अंकुर मित्तल ने बताया कि विभाग की ओपीडी में यूरोलोजाॅजिकल कैंसर की शिकायत वाले मरीजों में 50 प्रतिशत रोग ब्लैडर कैंसर की शिकायत लेकर आते हैं। इनमें 40 वर्ष की उम्र तक के मरीज भी शामिल हैं।

एम्स की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. मित्तल ने बताया, इसके पीछे प्रमुख रूप से राज्य में मौसम, पानी में कैमिकल और धूम्रपान व हुक्के का अधिक सेवन जिम्मेदार हैं।

विभाग में यूरोलाॅजिस्ट डाॅ. विकास पंवार ने बताया, जिनायटो यूरोलाॅजी कैंसर में किडनी, यूरीनरी ब्लैडर, प्रोस्टेट, पेनिस और टेटिस आदि अंगों में कैंसर उभर सकता है। ऐसे मरीजों के यूरोऑन्कोलाॅजिस्ट ओपीडी में मरीज के चेकअप के बाद रेडिएशन ऑन्कोलाॅजिस्ट और मेडिकल ऑन्कोलाॅजिस्ट विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ संयुक्त टीम बनाकर तय करते हैं कि इलाज में सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडिएशन में से कौन सी विधि अपनाई जाए।

आबादी के अनुरूप 50 प्रतिशत कम हैं लीनियर एक्सीलेटर मशीनें

प्रत्येक कैंसर जानलेवा नहीं होता है। सही समय पर यदि इसकी पहचान करके उचित इलाज शुरू कर दिया जाए तो इसे बढ़ने से रोका जा सकता है। जरूरत है तो कैंसर के लक्षणों के प्रति जागरूक रहने, समय पर इलाज शुरू करने और उपचार से संबंधित संसाधनों को विकसित करने की।

एसोसिएशन ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलाॅजिस्ट ऑफ इन्डिया के अध्यक्ष और एम्स ऋषिकेश में रेडिएशन ऑन्कोलाॅजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने विश्व कैंसर दिवस पर जनसामान्य में विभिन्न लाभप्रद जानकारियां साझा की। उन्होंने बताया इस बार की थीम ’क्लोज द केयर गैप’ रखी गई है। इसका तात्पर्य है कि मरीज के नियमित इलाज के लिए मरीज और अस्पताल के बीच के गैप को कम से कम किया जा सके, लेकिन यह तभी संभव होगा जब कैंसर सेंटर नजदीक हों और रेडियोथेरेपी के लिए उपयोग की जाने वाली लीनियर एक्सीलेटर मशीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों।

प्रो. गुप्ता ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार प्रति 10 लाख की आबादी पर एक लीनियर एक्सीलेटर मशीन होनी चाहिए। इसके अनुसार देश की 1400 मिलियन आबादी के अनुरूप भारत में 1400 लीनियर एक्सीलेटर होने चाहिंए। जबकि वर्तमान में इनकी संख्या मात्र 700 ही है।

यहां ध्यान रखने वाली बात है कि कैंसर के मरीजों में 70-80 प्रतिशत मरीजों को रेडियोथेरेपी की जरूरत होती है। ’क्लोज द केयर गैप’ की थीम तभी सफल होगी जब कैंसर से जूझ रहे मरीजों की रेडियोथेरेपी के लिए यह मशीनें पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हों।

मशीन नहीं होने से नुकसान
लीनिलयर एक्सीलेटर मशीनें कम होने से इसका खामियाजा देश में कैंसर के उन गरीब रोगियों को भुगतना पड़ता है, जो इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों पर ही निर्भर हैं और जिनके पास रेडियोथेरेपी के अलावा इलाज का कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

डाॅ. मनोज गुप्ता ने बताया कि हमारे देश में कैंसर के इलाज के लिए बनाए गए कैंसर सेन्टर कम होने से इनकी आपस में दूरी बहुत अधिक है। ऐसे में मरीज को कैंसर सेंटर तक पहुंचने में काफी समय लग जाता है। कुछ मामलों में कैंसर का इलाज वैसे भी सालभर तक चलता है। जहां तक लीनियर एक्सीलेटर मशीनों की बात है तो देशभर में उपलब्ध 700 में से 50 प्रतिशत मशीनें निजी क्षेत्र के अस्पतालों में हैं। तात्पर्य यह कि देश के सभी सरकारी अस्पतालों में वर्तमान में मात्र 350 के लगभग लीनियर एक्सीलेटर मशीनें ही उपलब्ध हैं।

राज्य के मात्र एक मेडिकल काॅलेज में है रेडियोथेरेपी विभाग-
उत्तराखंड के सभी पांच राजकीय मेडिकल काॅलेजों में से मात्र सुशीला तिवारी मेडिकल काॅलेज, हल्द्वानी में भी रेडियोथेरेपी विभाग संचालित हो रहा है। शेष अन्य 4 मेडिकल काॅलेजों में लीनियर एक्सीलेटर मशीन मौजूद नहीं है। इस कमी से उत्तराखंड में भी कैंसर पीड़ित मरीज को निजी अस्पतालों के महंगे इलाज पर ही रेडियो थेरेपी कराने को मजबूर होना पड़ता है।

डाॅ. गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप देश के प्रत्येक जिलों में एक मेडिकल काॅलेज खोले जाने की योजना है। इसलिए यदि प्रत्येक मेडिकल काॅलेज में रेडियोथेरेपी विभाग संचालित किया जाए तो ’क्लोज द केयर गैप’ को सरलता से भरा जा सकता है।

लीनियर एक्सीलेटर मशीनों की कमी के चलते कैंसर मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि कैंसर की जांच, इलाज और कीमोथेरेपी से इसके निदान के लिए देश के प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में रेडियो थेरेपी ट्रीटमेंट संबंधी पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से लागू होना चाहिए।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button