Featured

चारधाम यात्रा मार्गों पर लगाए जाएं 500 वाटर एटीएमः धामी

गर्मियों में पेयजल समस्या से निपटने के लिए हर जिले को दो वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में पेयजल विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा, चारधाम यात्रा मार्गों पर उच्च गुणवत्ता के 500 वाटर एटीएम लगाए जाएं। उन्होंने गर्मियों में किसी भी जिले में पेयजल की कमी नहीं होने देने के निर्देश देते हुए कहा कि शीघ्र ही प्रत्येक जनपद को दो-दो वाटर टैंकर उपलब्ध कराए जाएं।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने कहा, जल जीवन मिशन के कार्यों में और तेजी लाई जाए। जल जीवन मिशन में जिन घरों में नल लग चुका है, उनमें शुद्ध गुणवत्ता युक्त पेयजल सुनिश्चित किया जाए। हर घर नल, हर घर जल पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाए। पेयजल की उपलब्धता के लिए, जो व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं, उनका शीघ्रता से समाधान किया जाए।

उन्होंने जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में ठोस कार्य योजना बनाने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर कार्य करने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने कहा, जो भी विभाग पौधारोपण कराता है, उन पौधों के संरक्षण एवं संवर्द्धन की पूरी जिम्मेदारी भी संबधित विभाग की होगी। साथ ही, नलकूप एवं हैंडपंप भी जिस विभाग या संस्था द्वारा लगाए जा रहे हैं, उनके मेंटिनेंस के लिए उनकी जिम्मेदारी भी तय की जाए। पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सभी की प्राथमिकताओं में है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जलापूर्ति के लिए सुनियोजित व्यवस्था की जाए। वाटर एटीएम के साथ पानी की गुणवत्ता को भी डिस्प्ले किया जाए। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि यात्रा मार्गों पर सुलभ शौचालयों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता रहे। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, अपर सचिव नितिन भदौरिया, डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, उदयराज एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button