DHARMAFeaturedUttarakhand
Trending

चारधाम दर्शनः जानिए देवडोलियों के प्रस्थान का कार्यक्रम

श्रीकेदारनाथ धाम के कपाट छह मई और श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को खुलेंगे

देहरादून। उत्तराखंड में तीन मई से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं, देव डोलियों के शीतकालीन गद्दी स्थलों से चारधाम (यमुनोत्री, गंगोत्री, श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ धाम ) मंदिरों के लिए प्रस्थान का कार्यक्रम जारी किया गया है। मंदिर समितियों ने कपाट खुलने से लेकर देव डोलियों के प्रस्थान और रूट को लेकर जानकारी दी है।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि श्री केदारनाथ धाम के कपाट छह मई को प्रात: 6:15 पर खुलेंगे। ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर से भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली के प्रस्थान कार्यक्रम के अंतर्गत एक मई को भैरव पूजा होगी। दो मई को प्रात: नौ बजे डोली श्रीकेदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। दो मई को डोली का रात्रि प्रवास श्री विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में होगा। तीन मई को डोली का रात्रि प्रवास फाटा और चार मई को गौरीकुंड में रहेगा। पांच मई को प्रात: छह बजे डोली गौरीकुंड से श्री केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। छह मई को श्री केदारनाथ धाम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद मंदिर के कपाट को श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को प्रात: 6:25 बजे पर खुलेंगे। श्री बदरी विशाल की देव डोली छह मई को प्रात: नौ बजे श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ से प्रस्थान करेगी। आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी एवं तेल कलश गाडू घड़ा सहित श्री बदरीनाथ धाम के रावल जी योगध्यान बदरी के लिए प्रस्थान करेंगे। सात मई को योग बदरी पांडुकेश्वर से आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी, रावल जी सहित श्री कुबेर जी, उद्धव जी एवं गाडू घड़ा तेल कलश के साथ श्री बदरीनाथ धाम को प्रस्थान करेंगे। आठ मई प्रात: 6:25 बजे पर धाम के कपाट खुलेंगे।

मंदिर समिति गंगोत्री एवं मंदिर समिति यमुनोत्री के अनुसार श्री गंगोत्री धाम के कपाट तीन मई को पूर्वाह्न 11ः15 बजे और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट अपराह्न 12ः15 बजे खुलेंगे। यमुना जी की डोली तीन मई को प्रात: शीतकालीन गद्दी स्थल खुशीमठ(खरसाली) से प्रस्थान करेगी‌। पवित्र हेमकुंट साहिब एवं श्री लोकपाल तीर्थ के कपाट रविवार 22 मई को खुलेंगे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button