
healthNewsUncategorizedUttarakhand

Uttarakhand Pharmacist Online Registration: देहरादून, 11 अगस्त 2025: उत्तराखंड फार्मेसी काउंसिल में अब फार्मासिस्टों का पंजीकरण, नवीनीकरण और अन्य प्रक्रियाएं ऑनलाइन होंगी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को उत्तराखंड फार्मेसी काउंसिल में इन नई सुविधाओं का विधिवत शुभारंभ किया।
इस सुविधा के शुरू होने से अब प्रदेश के फार्मासिस्ट अपने पंजीकरण, नवीनीकरण, पंजीकरण स्थानांतरण और अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए घर बैठे ही ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले फार्मासिस्टों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें अब इन कार्यों के लिए देहरादून नहीं आना पड़ेगा।
Uttarakhand Pharmacist Online Registration: उत्तराखंड फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार के.एस. फर्स्वाण ने बताया कि पहले सभी काम ऑफ लाइन होते थे, जिसमें समय और धन दोनों खर्च होते थे। अब ऑनलाइन प्रणाली से यह प्रक्रिया और भी पारदर्शी और तेज हो जाएगी। फार्मासिस्ट इन सुविधाओं का लाभ काउंसिल की वेबसाइट www.ukpcouncil.org पर उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड फार्मेसी काउंसिल में डी. फार्मा, बी. फार्मा, एम. फार्मा और फार्मा डी के कुल 27,860 फार्मासिस्ट पंजीकृत हैं। उत्तराखंड डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया है।