Story

नंदकेसरी गांव में मां नंदा का पौराणिक मंदिर

  • जेपी मैठाणी

गढ़वाल तथा कुमाऊं के मध्य बसे नंद केसरी गांव में मां नंदा का पौराणिक मंदिर है। यहां की बोली भाषा एवं रीति रिवाज भी कुमाऊं से मिलते हैं। नंदा देवी के जागरों में वर्णित किया गया है कि मां पार्वती ने अपनी आंखों के केसों को झाड़कर केसरी देवी काे उत्पन्न किया था, उनके नाम पर इनका नाम नंद केसरी हुआ।

जेपी मैठाणी

वस्तुतः नंद केसरी जनपद चमोली के ब्लाक थराली और देवाल के मध्य सड़क मार्ग के दोनों ओर बसा हुआ एक गांव है। यहां पर मां नंदा देवी का पौराणिक मंदिर है।मंदिर की प्रमुख विशेषता है कि इस मंदिर में पूजा ठाकुर पुजारी करते हैं। यह बात मंदिर के पुजारी दयाल सिंह ने बताई। किवदंती है कि पिंडारी ग्लेशियर से निकलने वाली पिंडर नदी के किनारे एक दैत्य से छिपकर मां नंदा यानी मां पार्वती नदी किनारे गुफा में छिप गई थीं, उस गुफा के मुंह पर रखा गया पत्थर दैत्य ने अपने सींग से फाड़ दिया था, यह पत्थर आज भी वहां पड़ा है। तब मां भगवती ने इस दैत्य का वध किया। जिस खेत में मां नंदा और दैत्य का युद्ध हुआ, वो खेत आज भी बड़े ही रहस्य का केंद्र है, क्योंकि मंदिर के पास स्थित खेत के चारों ओर अन्य खेतों में गेहूं उगता है, लेकिन आज भी उस खेत में जिसमें युद्ध हुआ था, फसल नहीं उगती।

फोटो- संजय भंडारी
फोटो- संजय भंडारी

    इस मंदिर में कई पौराणिक मूर्तियां हैं, जिनमें भगवती नंदा की मूर्ति, शंकराचार्य काल, पांडवों के समय की मां काली की मूर्ति विराजमान हैं।  लाटू देवता लिंग रूप में स्थित हैं। बासुदेव जी की आधी मूर्ति है, जिसमें कृष्ण जी उनके सिर पर सूप में विराजमान हैं। अष्टभैरव लिंग स्वरूप में हैं। इस स्थान पर स्थित शिव मंदिर में दक्षप्रजापति का आधा सिर कटा हुआ बकरी की तरह दृष्टिगोचर होता है। यहां एक विचित्र संयोग है कि मंदिर परिसर में एक विशाल वृक्ष है, जिसकी उम्र का सही अनुमान नहीं लग पाया है, लेकिन पांच प्रकार के वृक्ष जिसमें सुरई, पैयां, पिलुखा, आकाश बेल औऱ आम हैं। ये पांचों वृक्ष एकसाथ उगे हैं यानी इनकी एक ही जड़ दिखाई देती है। हालांकि 1972 में बज्रपात की वजह के वृक्ष के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा था।  पेड़ के चारों और चबूतरा बना है। माना जाता है कि यह मां नंदा का निवास स्थल है।

कैसे पहुंचे नंदकेसरी- ऋषिकेश से लगभग 250 किमी., हरिद्वार से 270 किमी., देहरादून से 295 किमी. की दूरी पर स्थित है। नंदकेसरी कर्णप्रयाग से देवाल मोटर मार्ग पर स्थित है।

कब आएं- यह मंदिर 12 महीने दर्शनों के लिए खुला रहता है।

 

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button