DHARMAFeatured

जय बाबा केदारः श्री केदारनाथ धाम मंदिर के कपाट खुले

केदारनाथ। श्री केदारनाथ धाम मंदिर के कपाट बुधवार सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर विधि-विधान से भगवान के दर्शनों के लिए खोल दिए गए हैं। सुबह तीन बजे से ही कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। मुख्य द्वार पर कपाट खोलने की प्रक्रिया पूरी हुई। भैरवनाथ जी का आह्वान किया गया।
पुजारी शिवशंकर लिंग ने रूद्राभिषेक एवं जलाभिषेक पूजा संपन्न की। भगवान केदारनाथ जी का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान सोशियल डिस्टेंसिंग का पालन किया गया।
कपाट खुलने के पश्चात सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से रूद्राभिषेक पूजा संपन्न की गई। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित पर्यटन-धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने भगवान से जल्द ही देश और विश्व से कोरोना का संकट समाप्त करने तथा चार धाम यात्रा को गति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कपाट खुलने पर उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड के अधिकारी बीडी सिंह, तहसीलदार जयवीर राम बधाणी एवं पुलिस चौकी प्रभारी मंजुल रावत मुख्य द्वार पर उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर यात्राओं की अनुमति नहीं है। अभी केवल कपाट खोले जा रहे हैं, ताकि धामों में पूजा अर्चना शुरू की जा सके। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कपाट खुलने पर बधाई संदेश भेजा है। चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष आचार्य शिव प्रसाद ‌ममगाई‌ं ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर बधाई दी। श्री गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर 26 अप्रैल को खुल चुके है जबकि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 15 मई को खुलेंगे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button