FeaturedhealthUttarakhand

सरकारी अस्पतालों में ओपीडी के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर जोर

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने निर्देश दिए

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को रजिस्ट्रेशन के लिए लंबी लाइनों से बचाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं टोकन व्यवस्था को विकसित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने सचिवालय में चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की बैठक में टेलीमेडिसिन की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नम्बर 104 को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, आयुष्मान कार्ड, गोल्डन कार्ड, श्रम विभाग से जारी होने वाले कार्ड तथा स्वास्थ्य संबंधी अन्य कार्डों को सही मॉनिटरिंग के लिए एक प्लेटफॉर्म पर लाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अभिनव पहल की जरूरत है, डॉक्टरों को दूरस्थ क्षेत्रों में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाए और तहसील स्तर तक जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जाएं।

उन्होंने कहा, ऐसी व्यवस्था की जाए कि नवजात शिशु के अस्पताल में जन्म होने पर उनके जन्म प्रमाण पत्र अस्पताल से ही दिए जाएं।

सीएम ने वायरल, डेंगू एवं मलेरिया से निपटने के लिए अस्पतालों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, कहा,  जिन निर्माण कार्यों में देर हो रही है, सबंधित कार्यदायी एजेंसियों के खिलाफ सख्त रूख अपनाते हुए जिम्मेदारी भी तय की जाए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को 2025 तक ड्रग्स फ्री राज्य बनाने के लिए सभी विभागों को सुनियोजित प्लानिंग करनी होगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, अपर सचिव अरुणेन्द्र चौहान, अमनदीप कौर, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. शैलजा भट्ट, सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button