दिल्ली की नौकरी हो या राजनीतिक दल से जुड़ना, ज्यादा सुकून तो अपनी इस दुकान में है

Rajesh Pandey

डोईवाला। राजेश पांडेय

55 साल के श्याम सिंह रावत देहरादून जिले के भोगपुर इठारना रोड पर चाय और खानपान की दुकान चलाते हैं। दिल्ली में लगभग 18 साल रहकर नौकरियां कीं। वापस लौटे तो खेतीबाड़ी और राजनीतिक दल के लिए काम करने लगे, पर उनका कहना है, जो सुकून अपनी इस दुकान में काम करने से मिलता है, वो कहीं ओर नहीं है। राजनीतिक दल के प्रचार में, खासकर चुनाव के दौरान कई दिन तक घर ही नहीं लौटते थे।

भोगपुर से इठारना रोड पर करीब पांच किमी. दूरी पर मानकी गांव है, जहां श्याम सिंह की दुकान है। वो चाय, खाना, चाउमीन, आमलेट बनाते हैं।

बताते हैं, “यह रूट हमेशा चलता है, रात को भी। रात को ड्यूटी करने वाले लोग यहां से होकर इठारना की ओर बढ़ते हैं। खेतीबाड़ी के साथ स्थानीय लोग देहरादून, जौलीग्रांट, लालतप्पड़ में विभिन्न संस्थानों में काम करते हैं।”

“सुबह छह बजे दुकान खोलता हूं और शाम को वापस जाने का कोई समय नहीं है। जब कभी ज्यादा रात हो जाती है तो यहीं बिस्तर बिछा है।”

श्याम सिंह ने बताया, “दसवीं करने के बाद कामधंधे की तलाश में दिल्ली चला गया। वहां मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई, क्योंकि जानने वाले लोग बहुत थे। 1987 में दिल्ली पहुंचकर नौकरी की।”

“डीटीसी की बस का किराया 50 पैसे होता था उस जमाने में। गारमेंट एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी में सेवाएं दीं। दिल्ली की हर सड़क, इलाके को जानता हूं, क्योंकि मेरा काम फील्ड का था। पहली नौकरी 400 रुपये प्रतिमाह पर की। कई नौकरियां छोड़ीं। जहां तनख्वाह ज्यादा मिलती, वहीं काम शुरू कर देते।”

“घर की परिस्थितियों की वजह से 2005 में वापस घर लौटना पड़ा। घर तो घर होता है, दुनिया घूम लो, पर सुकून अपने घर में मिलता है।”

“मैंने दिल्ली छोड़ दिया और फिर यहां खेतीबाड़ी करने लगा। यहां अदरक खूब होती है। राजनीतिक दल से जुड़ गया। चुनाव के समय तो कई कई दिन घर से बाहर रहते। पार्टी के प्रचार प्रसार में लगे रहते।”

“दो साल पहले ही यहां दुकान खोलने का विचार बना। सड़क किनारे चाय, खाने की डिमांड थी। यह काम ठीक चल रहा है। इठारना घूमने आने वाले लोगों के साथ ही, स्थानीय लोग भी इस रोड से आते जाते रहते हैं। शनिवार, रविवार को तो कई बार ऐसा होता है, हमें खुद खाना खाने की फुर्सत नहीं मिलती।”

“तीन बेटियां हैं, तीनों की शादी कर दी। अपनी इस दुकान से घर का गुजारा अच्छे से हो जाता है। रही बात, राजनीति की, तो चर्चाएं तो चाय की दुकान पर ही होती हैं।”

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *