डोईवाला के तेलीवाला गांव में अंग्रेजों के जमाने की दुकान, यहां की बरफी के चर्चे दूर दूर तक

Rajesh Pandey

राजेश पांडेय। डोईवाला

देहरादून जिले में डोईवाला शहर से लगभग सात किमी. दूर तेलीवाला गांव में पालिका के चुनाव पर बात हो रही है। बातचीत में युवाओं के साथ बुजुर्ग भी शामिल हैं पर जिस दुकान में चाय पर चर्चा चल रही है, वो अंग्रेजों के जमाने से बताई जाती है। इस दुकान तक हमारे पहुंचने की वजह भी यही थी कि हम यहां की पहचान खास तरह बरफी पर बात करना चाहते थे। कलाकंद के नाम से जाने जानी वाली यह मिठाई मावे और चीनी से बनाई जाती है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दुकान पर बरफी बनाने और चाय के लिए खपत होने वाला दूध गांव के ही पशुपालकों से खरीदा जाता है। कुल मिलाकर यह दुकान गांव की आर्थिकी को मजबूत बनाने का काम भी कर रही है।

हमने स्थानीय युवा मोहम्मद कैफ के साथ सलमान स्वीट शॉप पर मौजूद इमरान से बात की। करीब 27 साल के मोहम्मद सलमान बताते हैं, “यह दुकान उनके परदादा कुतुबुद्दीन ने शुरू की थी। पहले यहां सिर्फ चाय, पकौड़ी और यह बरफी ही बनती थी। उनके बाद दादा कमरुद्दीन और फिर उनके पिता मोहम्मद कासिम ने दुकान का जिम्मा संभाला। पिता से यह दुकान हमें मिली है। करीब आठ साल से वो दुकान संभाल रहे हैं।”

मोहम्मद कैफ के अनुसार, यह दुकान गांव के लोगों के लिए किसी मुद्दे पर चर्चा करने, एक कप चाय पीकर खुद के तनाव मुक्त करने का ठिकाना है।

“रोजाना लगभग 25 से 30 किलो तक बरफी बनाते हैं, जितनी भी बनती है पूरी बिक जाती है। उनकी दुकान पर प्रतिदिन लगभग 50 किलो दूध की खपत है, जो गांव के ही पशुपालकों से खरीदते हैं। पकौड़ी, समोसे, मठरी, ब्रेड पकोड़े और चाय भी हमारी दुकान पर बनते हैं,” मोहम्मद सलमान बताते हैं।

युवा मोहम्मद कैफ बताते हैं, “जो भी रिश्तेदार गांव आते हैं, यहां की बरफी, जिसको हम कलाकंद बोलते हैं,जरूर ले जाते हैं। इसकी खासियत यह है कि यह मिलावटी नहीं है, क्योंकि यहां गांव से ही दूध खरीदा जाता है। यह सभी के भरोसे की दुकान है। शाम होने से पहले ही सारी बरफी बिक जाती है। यह स्वादिष्ट मिठाई है और गांव की सबसे पुरानी दुकान का उत्पादन है।”

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *