FeaturedUttarakhand

उत्तराखंड के प्रवेश स्थलों पर लगाए जाएं सीसीटीवी कैमरेः सीएम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में परिवहन एवं आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान परिवहन निगम को घाटे से उबारने तथा लाभ की स्थिति में लाने के लिये प्रभावी कार्य योजना तैयार करने को कहा।

उन्होंने बसों के संचालन, अनुपयोगी भूसम्पत्ति के निस्तारण, वर्कशापों के एकीकरण, ऑटोमेटिक लाइसेंस प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने के साथ ही बसों को सीएनजी से चलाने पर ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके लिए सीएनजी पर टैक्स रेट को कम करने से सम्बन्धित प्रस्ताव भी तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रवेश स्थलों पर सीसीटीवी लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि इससे वाहनों, एंट्री टैक्स जमा होने आदि की स्थिति की जानकारी हो सके। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी सम्बन्धित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।

उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित एवं दक्ष लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने पर ध्यान दिया जाए, इससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। बसों के अवैध संचालन पर भी रोक लगाने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने एंट्री प्वाइंट पर टैक्स जमा करने, बसों की स्थिति की जानकारी करने तथा ऑनलाइन सुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एप तैयार करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कोविड पैकेज के तहत ड्राइवर कंडक्टरों, टैक्सी मैक्सी कैब संचालकों को दी जाने वाली राहत राशि के वितरण की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान भविष्य में ऑन लाइन ग्रीन कार्ड बनाने की व्यवस्था के निर्देश दिए।

आबकारी की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पर्यटकों को उनकी अपेक्षा अनुसार बेहतर ब्रांड की शराब उपलब्ध हो, इसके प्रयास किए जाने चाहिए। पर्यटकों को यदि उनकी अपेक्षा की शराब यहीं मिलेगी तो उसे बाहर से खरीद कर नहीं लाएंगे। पर्यटकों को यदि यहां असुविधा होती है तो इसका प्रभाव भी पर्यटन व्यवसाय पर पड़ता है, इसलिए हमारा प्रयास पर्यटकों की सुविधा पर ध्यान देने का भी होना चाहिए।

समीक्षा के दौरान सचिव परिवहन डॉ. रणजीत सिन्हा ने परिवहन विभाग के कार्यकलापों एवं सुधारों के प्रति किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। सचिव आबकारी सचिन कुर्वे ने आबकारी विभाग से सम्बन्धित कार्य योजनाओं की प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी।

बैठक में आबकारी आयुक्त रणवीर सिंह चौहान, एमडी परिवहन नीरज खैरवाल, आयुक्त परिवहन दीपेन्द्र कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button