agricultureDoiwala NewsFeaturedNews

डोईवाला से जेसीबी के पंजे पर बैठकर दून कूच कर रहे किसानों को टोल प्लाजा पर रोका

बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर डोईवाला से देहरादून जा रहे थे किसान

डोईवाला। एमएसपी गारंटी सहित कई मांगों के लेकर किसान आंदोलन के समर्थन में डोईवाला में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के आह्वान पर किसानों की ट्रैक्टर रैली ने देहरादून कूच किया। किसानों ने ट्रैक्टर और जेसीबी लेकर जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन देने के लिए डोईवाला से रैली निकाली। पुलिस ने किसान रैली को लच्छीवाला टोल प्लाजा पर रोक लिया।

एमएसपी गारंटी के समर्थन में नारे लगाते हुए बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर और जेसीबी के पंजे पर सवार होकर सुबह करीब साढ़े 11 बजे डोईवाला से निकले। इस दौरान प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था। किसानों को रोकने के लिए टोल प्लाजा पर पहले से ही पुलिस मुस्तैद थी।

प्रदर्शनकारी किसानों ने टोल प्लाजा के सामन धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। भारतीय किसान यूनियन टिकेत के जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खालसा ने कहा, सरकार किसानों की मांगों की अनदेखी कर रही है। किसानों पर अन्याय किया जा रहा है। किसान नेता गुरदीप सिंह ने कहा, सरकार किसानों से टकराव की दिशा में काम कर रही है।

किसान नेता सुरेंद्र सिंह खालसा और किसानों ने प्रशासन को आधा घंटे के भीतर टोल प्लाजा पर आकर ज्ञापन लेने का समय दिया। इसके बाद सीधे देहरादून कूच करने की चेतावनी दी। बाद में, डोईवाला की उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने टोल प्लाजा पहुंचकर किसानों से ज्ञापन लिया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खेत में काम करने वाले मज़दूरों का कर्ज़ माफ़ करने, 60 साल से ज़्यादा उम्र के किसानों को 10 हज़ार रुपये पेंशन देने, भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 दोबारा लागू करने, लखीमपुर खीरी कांड के दोषियों को सज़ा दिलाने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू कराने, साल 2021-22 के किसान आंदोलन में किसानों पर दर्ज मुकदमे रद्द करने तथा पिछले आंदोलन में जिन किसानों की मौत हुई थी, उनके परिवार को मुआवज़ा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग पर जोर दिया है। साथ ही, स्थानीय किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस परवादून जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, इंद्रजीत सिंह, शुभम कांबोज, जितेंद्र कुमार, अमरजीत सिंह, बलबीर सिंह गुरपाल सिंह, सागर मनवाल, परमजीत सिंह, कमल अरोड़ा आदि शामिल रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button