FeaturedUttarakhand

सूचना विभाग के कर्मचारियों ने उठाया वेतन विसंगतियों का मामला

देहरादून। उत्तराखंड सूचना कर्मचारी संघ ने वेतन विसंगति समिति के समक्ष प्रभावी तरीके से अपनी बात रखी। संघ ने समिति से वेतन विसंगतियों के मामलों के जल्द समाधान पर जोर दिया। वहीं, समिति ने संघ को उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को पूर्व मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह की अध्यक्षता में गठित वेतन विसंगति समिति को जिला सूचना अधिकारी, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी, सहायक लेखाकार, अनुवादक, लेखा संवर्ग एवं संरक्षक कम डाटा एंट्री आपरेटर आदि संवर्गों के वेतन विसंगति मामलों की जानकारी दी।

संघ ने समिति को बताया कि अन्य विभागों के समान स्तर एवं शैक्षिक योग्यता और कार्य वाले पदों एवं संवर्गों की तुलना में सूचना विभाग में वेतनमान के उच्चीकरण, पदोन्नतियों एवं एसीपी का लाभ प्रदान करने में भेदभाव किया जा रहा है, जबकि ऐसे लाभ अन्य विभागों में स्वीकृत किए जाने के उदाहरण हैं।

उत्तराखंड सूचना कर्मचारी संघ के महामंत्री सुरेश चन्द्र भट्ट ने वेतनमान का न्यायहित में उच्चीकरण करने की आवश्यकता बताई। संघ के सलाहकार केएस पंवार ने सूचना विभाग के लेखा संवर्ग के कार्मिकों को अन्य विभागों की तरह एसीपी का लाभ स्वीकृत नहीं किए जाने तथा सहायक लेखाकारों को 30 साल से अधिक की सेवा के बाद भी पदोन्नति नहीं दिए जाने का मामला उठाया।

पंवार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लेखा संवर्ग के कार्मिकों को वर्ष 2008 से पदोन्नति का लाभ दिया जा चुका है, लेकिन उत्तराखंड राज्य में आवंटित सहायक लेखाकारों को पदोन्नति से वंचित रखा गया है।

उन्होंने विभाग के विभिन्न संवर्गों के वेतनमानों के उच्चीकरण के औचित्य के संबंध में भी समिति को अवगत कराया।

समिति से वार्ता में संयुक्त मंत्री प्रशांत रावत ने संरक्षक कम डाटा एंट्री आपरेटर्स  पदधारकों के वेतन स्तर में उच्चीकरण का मामला प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संरक्षक कम डाटा एंट्री आपरेटर को वर्तमान में लेवल-2 का वेतनमान दिया जा रहा है, जबकि इस पद के लिए शैक्षिक योग्यता स्नातक निर्धारित है। लिहाजा समान प्रवृत्ति के अन्य पदों/संवर्गों की भांति संरक्षकों को उच्च वेतनमान दिया जाना जरूरी है।

इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष भुवन चन्द्र जोशी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वेतन विसंगति समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न सिंह, सदस्य सचिव गंगा प्रसाद एवं समिति के सदस्यों ने संघ की मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button