current AffairsDHARMAFeatured

मयदानव ने बनाया था इंद्रप्रस्थ में युधिष्ठिर के लिए अद्भुत सभा भवन

मय दानव को मयासुर भी कहा जाता है, जो बहुत होशियार शिल्पकार था। अर्जुन के कहने पर, मय दानव ने युधिष्ठिर के लिए राजधानी इन्द्रप्रस्थ में बड़ा सुन्दर सभाभवन बनाया था, जिसमें जल के स्थान पर थल और द्वार के स्थान पर दीवार दिखाई पड़ते थे। इसी सभाभवन को देखते हुुए दुर्योधन जल में गिर गया था। उसे जल में स्थल का भ्रम हो गया था। यह प्रसंग उस समय का है, जब युधिष्ठिर के राजसूय यज्ञ के समय दुर्योधन इस महल को देखने पहुंचा था।

मय दानव का प्रसंग महाभारत में खांडव वन दहन में है। मत्स्यपुराण में अठारह वास्तुशिल्पियों के नाम दिए गए हैं, जिनमें विश्वकर्मा और मय दानव का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इस पुराण में उल्लेख मिलता है कि जिस तरह देवताओं के वास्तु शिल्पी विश्वकर्मा थे, ठीक उसी तरह दानवों के वास्तु शिल्पकार मय दानव था।

विश्वकर्मा के पांच पुत्र- मनु, मय, त्वष्टा, शिल्पी एवं दैवज्ञ हैं। यह भी मान्यता है कि ये पांचों वास्तुशिल्प की अलग-अलग विधाओं में पारंगत थे और इन्होंने वैदिक काल में कई वस्तुओं का आविष्कार किया। मनु को लोहे से, तो मय को लकड़ी, त्वष्टा को कांसे एवं तांबे, शिल्पी ईंट और दैवज्ञ को सोने-चाँदी से जोड़ा जाता है।

खांडव वन के दहन के समय अर्जुन ने मय दानव को अभय दान दिया था। इससे कृतज्ञ होकर मय दानव ने अर्जुन से कहा, आपने मेरे प्राणों की रक्षा की है, इसलिए आप आज्ञा दें, मैं आपकी क्या सेवा करूँ?

अर्जुन ने उत्तर दिया- मैं किसी बदले की भावना से उपकार नहीं करता, यदि तुम्हारे अन्दर सेवा भावना है तो तुम श्रीकृष्ण की सेवा करो।

मयासुर ने किसी प्रकार की सेवा की आज्ञा माँगी तो भगवान श्रीकृष्ण ने उससे कहा- तुम युधिष्ठिर की सभा के लिए ऐसे भवन का निर्माण करो, जैसा कि इस पृथ्वी पर अभी तक न बना हो। इस पर मयासुर ने अद्वितीय भवन का निर्माण कर दिया। इसके साथ ही उसने  पांडवों को देवदत्त शंख, वज्र अस्त्र  से भी कठोर रत्न से जड़ित गदा तथा मणिमय पात्र भेंट किया। कुछ समय बाद धर्मराज युधिष्ठिर  ने  राजसूय यज्ञ का सफलतापूर्वक आयोजन किया।

यज्ञ के बाद भी कौरव राजा दुर्योधन अपने भाइयों के साथ युधिष्ठिर का अतिथि बना रहा। एक दिन दुर्योधन ने मय दानव द्वारा निर्मित राजसभा को देखने की इच्छा जताई, जिसे युधिष्ठिर ने सहर्ष स्वीकार किया। दुर्योधन उस सभा भवन की शिल्पकला को देख कर आश्चर्यचकित रह गया।

मय दानव ने उस सभा भवन का निर्माण इस प्रकार से किया था कि वहां पर अनेक प्रकार के भ्रम उत्पन्न हो जाते थे, जैसे कि स्थल के स्थान पर जल, जल के स्थान पर स्थल, द्वार के स्थान पर दीवार तथा दीवार के स्थान पर द्वार दिखाई पड़ता था। दुर्योधन को भी उस भवन के अनेक स्थानों में भ्रम हुआ तथा उपहास का पात्र बनना पड़ा।

विश्‍वकर्मा देवताओं के और मय दानव असुरों के वास्तुकार थे। कहते हैं कि उस काल की आधी दुनिया को मय ने ही बनाया था। वह निर्माण के लिए पत्थर तक को पिघला सकता था।

Rajesh Pandey

राजेश पांडेय, देहरादून (उत्तराखंड) के डोईवाला नगर पालिका के निवासी है। पत्रकारिता में  26 वर्ष से अधिक का अनुभव हासिल है। लंबे समय तक हिन्दी समाचार पत्रों अमर उजाला, दैनिक जागरण व हिन्दुस्तान में नौकरी की, जिनमें रिपोर्टिंग और एडिटिंग की जिम्मेदारी संभाली। 2016 में हिन्दुस्तान से मुख्य उप संपादक के पद से त्यागपत्र देकर बच्चों के बीच कार्य शुरू किया।   बच्चों के लिए 60 से अधिक कहानियां एवं कविताएं लिखी हैं। दो किताबें जंगल में तक धिनाधिन और जिंदगी का तक धिनाधिन के लेखक हैं। इनके प्रकाशन के लिए सही मंच की तलाश जारी है। बच्चों को कहानियां सुनाने, उनसे बातें करने, कुछ उनको सुनने और कुछ अपनी सुनाना पसंद है। पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।  अपने मित्र मोहित उनियाल के साथ, बच्चों के लिए डुगडुगी नाम से डेढ़ घंटे के निशुल्क स्कूल का संचालन किया। इसमें स्कूल जाने और नहीं जाने वाले बच्चे पढ़ते थे, जो इन दिनों नहीं चल रहा है। उत्तराखंड के बच्चों, खासकर दूरदराज के इलाकों में रहने वाले बच्चों के लिए डुगडुगी नाम से ई पत्रिका का प्रकाशन किया।  बाकी जिंदगी की जी खोलकर जीना चाहते हैं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता - बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक और एलएलबी, मुख्य कार्य- कन्टेंट राइटिंग, एडिटिंग और रिपोर्टिंग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button