FeaturedNewsUttarakhand

उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा हैः राष्ट्रपति

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संबोधित किया

देहरादून। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने देहरादून में उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होकर उत्तराखंड के निवासियों को राज्य के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि उत्तराखंड के मेहनती लोग अपनी इस नई पहचान के साथ प्रगति और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहे हैं।
पुलिस लाइन देहरादून में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने कहा, उत्तराखंड का भौतिक और डिजिटल संपर्क लगातार बढ़ रहा है। राज्य के आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। सरकार आपदा प्रबंधन पर भी विशेष रूप से ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हुई बहुआयामी प्रगति से निवेशकों में उत्साह का संचार हुआ है।

राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि देहरादून में आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए रोड-शो के दौरान पिछले सप्ताह तक 81,500 करोड़ रुपए से अधिक के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने भरोसा जताया कि इन प्रयासों से उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार का सृजन होगा।

राष्ट्रपति को इस बात से भी खुशी हुई कि सरकार उत्तराखंड के विकास में पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था दोनों पर जोर दे रही है। उन्होंने सकल पर्यावरण उत्पाद (जीईपी) का आकलन करने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं, ऐसे में राज्य जीडीपी के साथ-साथ राज्य जीईपी पर ध्यान केंद्रित करने से सतत विकास को बल मिलेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि रहा है। यहां के युवा देश की सशस्त्र सेनाओं में बड़ी संख्या में भर्ती होते हैं और भारत माता की रक्षा करने में गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा का यह जुनून देश के हर एक नागरिक के लिए अनुकरण करने योग्य है। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि भारतीय सेना की दो रेजिमेंट – कुमाऊं रेजिमेंट और गढ़वाल रेजिमेंट – का नाम उत्तराखंड के दो प्रमुख क्षेत्रों के नाम पर है। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की वीरता परंपरा को रेखांकित करता है।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) ने कहा,  हम डिजिटल क्रांति के युग में आगे बढ़ रहे हैं। साइबर सिक्योरिटी हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इस दिशा में नई से नई टेक्नोलॉजी को सुरक्षा उपायों में शामिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहें हैं। सरकार पारदर्शिता को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को स्मरण करना आवश्यक है, उन्हीं के कार्यकाल में उत्तराखंड राज्य का स्वप्न साकार हुआ था। अटल जी द्वारा पुष्पित युवा उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए हम पूरी निष्ठा के साथ निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की प्रेरणा से हमारी सरकार उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए दिन रात कार्य कर रही है। हमारी सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जनता के प्रति जवाबदेह है, भरोसेमंद है तथा अपने कार्य में दक्ष है। 23 वर्ष में पहली बार बहुत से काम हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की, प्रदेश की मातृशक्ति के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से ’’महिला नीति’’ लाई गई है, जिसको शीघ्र लागू किया जाएगा। देवभूमि के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए ’’बाल श्रम उन्मूलन’’ के लिए समस्त विभागों के समन्वय के साथ विशिष्ट कार्ययोजना बनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के स्वप्न को साकार करने के लिए हमने ’’नशा मुक्त ग्राम’’ और ’’नशा मुक्त शहर’’ की योजना लाई गई है, ऐसे क्षेत्रों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और महिलाएं हमारे राज्य की रीढ़ हैं।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूड़ी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, डॉ. धन सिंह रावत, प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजान दास मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू, डीजीपी अशोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button