
AIIMS Rishikesh Drone Medicine Delivery: एम्स ऋषिकेश के ड्रोन ने 30 मिनट में 50 किमी दूर टिहरी पहुंचाई दवाई
AIIMS Rishikesh Drone Medicine Delivery: ऋषिकेश/टिहरी, 07 जनवरी, 2026ः उत्तराखंड के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एम्स ऋषिकेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने ड्रोन तकनीक का सफल उपयोग करते हुए ऋषिकेश से टिहरी के बौराड़ी तक आपातकालीन दवाएं मात्र 30 मिनट में पहुँचा दी।
समय की बचत, जीवन की सुरक्षा
AIIMS Rishikesh Drone Medicine Delivery: आमतौर पर ऋषिकेश से टिहरी की 50 किलोमीटर की दूरी तय करने में एम्बुलेंस या वाहन को कम से कम 2.5 से 3 घंटे का समय लगता है। लेकिन ड्रोन ने इस दूरी को महज 30 मिनट में तय किया।
-
प्रस्थान: दोपहर 12:20 बजे (एम्स हेलीपैड)
-
आगमन: दोपहर 12:50 बजे (नगर निगम सभागार परिसर, बौराड़ी)
वापसी में भी ड्रोन ने अपनी दक्षता साबित की और दोपहर 1:25 बजे टिहरी से रवाना होकर 1:55 बजे सुरक्षित एम्स हेलीपैड पर लैंड किया।
फरवरी 2023 से जारी है ड्रोन मेडिकल सेवा
AIIMS Rishikesh Drone Medicine Delivery: एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) मीनू सिंह ने बताया कि संस्थान सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा, “ड्रोन सेवा गंभीर मरीजों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रही है। जल्द ही इस सेवा को नियमित किया जाएगा ताकि राज्य के हर कोने में दवाओं की कमी को दूर किया जा सके।”
बता दें कि संस्थान अब तक कोटद्वार, चम्बा, हिंडोलाखाल, जुड्डा नीलकंठ और हरिद्वार के रोशनाबाद में ड्रोन के जरिए सफलतापूर्वक दवाएं पहुंचा चुका है।
इस सफल परीक्षण के दौरान एम्स के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण, डीएमएस डॉ. रवि कुमार, पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहन्ती, और ड्रोन सेवा कंसल्टेंट हरदीप एस. मन्हास सहित स्काईनेट ई सोल्यूशन कंपनी के सीईओ पुनीत धमोला, निदेशक राजीव सिंह आदि मौजूद रहे।













