Uttarakhand

एक लाख तक का लोन दो फीसदी ब्याज पर

देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बुधवार को टी एस्टेट बंजारावाला में देहरादून के पहले महिला जिला सहकारी बैंक की शाखा का उद्घाटन किया। सहकारिता विभाग उत्तराखंड को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि एक बैंक सिर्फ विशेष रूप से महिलाएं संचालित करेंगी। निश्चित रूप से इसके अच्छे परिणाम आएंगे। सहकारिता का भविष्य उज्ज्वल है।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया कोऑपरेटिव या कॉर्पोरेट की ओर जा रही है। हमारी खेती भी कोरपोरेट या कोऑपरेटिव हो रही है। छोटी छोटी जोत तथा लोगों के खेती छोड़ने के कारण कोऑपरेटिव फार्मिंग का प्रचलन बढ़ रहा है। राज्यवासियों का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि हमें अपनी खेतीबाड़ी की परंपरा को बनाए रखना होगा। खेती को कॉर्पोरेट, कॉन्ट्रैक्ट या कोऑपरेटिव किसी भी माध्यम से जिंदा रखना होगा।

सीएम ने कहा कि खेती छोड़ने से पर्यावरण को भी हानि होती है। हमारे पूर्वज उन्नत व मेहनती किसान थे। जिन्होंने विषम पर्वतीय क्षेत्रो तथा तेज ढालों पर खेत बनाएं। राज्य के कुछ जिलों में लिंगानुपात कम होने पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मां ताकतवर है तो बच्चियों की हत्या नहीं होगी। यह अत्यंत चिंता का विषय है कि एक और हम महिला बैंक, महिला आरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं तो दूसरी और कुछ जिलों में लिंगानुपात कम हुआ है।

रावत ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड तथा यहां के देव स्थानों का देश और दुनिया में अत्यंत सम्मान व गौरव है। हमारा यह दायित्व है कि हम उत्तराखंड की पहचान को बनाकर रखें। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता मात्र बैंकिंग क्षेत्र के लिए ही नहीं है बल्कि हमें अपने गांवो, देवी देवताओं, रीति रिवाजो और परंपराओं से भी जुड़े रहना होगा। यह भी एक सामाजिक सहकारिता है। मुख्यमंत्री ने महिला जिला सहकारी बैंक बंजारावाला के सभी महिला अधिकारियों व कर्मियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब आप को सिद्ध करना है कि आप सर्वोत्तम हैं।

उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि हर पंचायत, ब्लॉक, तहसील तथा नगर में महिला बैंक हो। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सरकार ने 45 करोड़ रुपये सहकारिता के लिए दिए हैं। हमने 1000 करोड़ रुपये अनुसूचित बैंकों में रखने का निर्णय लिया है। सहकारी बैंक एक लाख तक का ऋण 2 प्रतिशत ब्याज पर प्रदान करेंगे। 

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को अच्छी शिक्षा के लिए 8 प्रतिशत ब्याज पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। विधायक व मेयर विनोद चमोली ने कहा कि सहकारी बैंक आपका अपना बैंक है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए हर संभव मदद करेगी। इस अवसर पर अध्यक्ष उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ प्रमोद कुमार सिंह, अध्यक्ष उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक राम सिंह रावत, सचिव सहकारिता मीनाक्षी सुंदरम, निबंधक डीएम मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button