NBA Digital Portal for Medicinal Plants: औषधीय पौधों की खेती करने वालों को बड़ी राहत, अब ऑनलाइन मिलेगा ‘मूल प्रमाण पत्र’
NBA Digital Portal for Medicinal Plants: नई दिल्ली, 05 फरवरी, 2026ः : देश में औषधीय पौधों की खेती और व्यापार को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधीन कार्यरत राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण (NBA) ने एक अत्याधुनिक डिजिटल पोर्टल का संचालन शुरू कर दिया है। इस पोर्टल के माध्यम से अब औषधीय पौधों की खेती करने वाले हितधारकों को ‘मूल प्रमाण पत्र’ (Certificate of Origin) इलेक्ट्रॉनिक रूप से जारी किए जाएंगे।
NBA Digital Portal for Medicinal Plants: यह नया पोर्टल आवेदन करने से लेकर प्रमाण पत्र जारी करने तक की पूरी प्रक्रिया को एक ऑनलाइन सिस्टम में तब्दील कर देता है।अब किसानों, शोधकर्ताओं और आयुष क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों को कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे। वे सीधे आधिकारिक वेबसाइट https://absefiling.nbaindia.in/ पर जाकर अपने प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
NBA Digital Portal for Medicinal Plants: यह पहल जैविक विविधता (संशोधन) अधिनियम, 2023 के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए की गई है। गौरतलब है कि इस विधेयक को 2023 में संसद की मंजूरी मिली थी, जिसके बाद मंत्रालय ने वर्ष 2024 और 2025 में नए नियमों को अधिसूचित किया था। इन संशोधित नियमों का मुख्य लक्ष्य आयुष (AYUSH) सेक्टर, बीज उद्योग और अनुसंधान संस्थानों के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाना है।
नए डिजिटल प्लेटफॉर्म के आने से उन लोगों को विशेष लाभ होगा जो खेती किए जाने वाले औषधीय पौधों के लिए ‘पहुंच और लाभ साझाकरण’ (ABS) से संबंधित छूट का दावा करना चाहते हैं। यह कदम न केवल व्यापार में सुगमता (Ease of Doing Business) को बढ़ाएगा, बल्कि औषधीय पौधों के संरक्षण और उनकी खेती को भी प्रोत्साहित करेगा।
संशोधित नियमों में निर्दिष्ट डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से औषधीय पौधों की खेती के लिए मूल प्रमाण पत्र इलेक्ट्रॉनिक रूप से जारी करने का प्रावधान है।













