FeaturedhealthNewsUttarakhand

उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलः आपात मेडिकल सेवा के लिए डाॅक्टरों को प्रशिक्षित कर रहा एम्स ऋषिकेश

राज्य सरकार के 50 से अधिक चिकित्सकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

ऋषिकेश। 20 जनवरी, 2025

उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के स्वास्थ्य और जरूरत होने पर उनकी चिकित्सा की आवश्यकता को देखते हुए डाॅक्टरों की टीम तैयार की जा रही है।

राज्य सरकार के 50 से अधिक डाॅक्टरों को इन दिनों एम्स ऋषिकेश के ट्राॅमा विभाग के स्पोर्ट्स इंज्यूरी डिवीजन के विशेषज्ञ और इमरजेन्सी मेडिसिन विभााग के चिकित्सक प्रशिक्षण दे रहे हैं।

एम्स ऋषिकेश ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर डिजाइन किया है। यह मानक ओलंपिक और एशियाई खेलों जैसे वैश्विक खेल आयोजनों में अपनाए जाते हैं।

प्रशिक्षण का उद्देश्य डॉक्टरों को खेलों के दौरान संभावित चोटों और बीमारियों के प्रबंधन के लिए आवश्यक कौशल से लैस करना है।

इसमें उन्नत ट्रॉमा केयर, ऑन-फील्ड आपातकालीन प्रतिक्रिया और व्यायाम-जनित बीमारियों का प्रबंधन शामिल है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर (डॉ.)मीनू सिंह ने प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण संस्थान की स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्टता और तैयारी के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड राज्य खेल आयोजनों के लिए चिकित्सा सहायता में एक राष्ट्रीय मानक स्थापित करे।

उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन के दौरान किसी खिलाड़ी का स्वास्थ्य खराब हो जाने या घायल हो जाने की स्थिति में खिलाड़ियों के इलाज लिए एम्स की ट्राॅमा इमजरजेन्सी में बेड आरक्षित रखे जाएंगे।

साथ ही, तकनीक आधारित ड्रोन मेडिकल सेवा को भी उपयोग में लाया जाएगा। प्रशिक्षण कोर्स का नेतृत्व कोर्स डायरेक्टर और एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सर्जरी विभाग के हेड प्रोफेसर मोहम्मद कमर आजम ने किया।

प्रशिक्षण के नोडल इंचार्ज डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न स्थानों पर तैनात किए जाने वाले इन डाॅक्टरों को स्पोर्ट्स इंजरी के अलावा, हेड इन्जरी, हार्ट अटैक, मेडिकल इमरजेन्सी और ट्राॅमा के बारे में विशेष तौर से प्रशिक्षित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में महानिदेशक चिकित्सा और परिवार कल्याण विभाग डॉ. सुनीता टम्टा, स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. सी.पी. त्रिपाठी, सहायक निदेशक नेशनल गेम्स चिकित्सा स्वास्थ्य डाॅ. हरीश पोखरिया सहित एम्स इमरजेन्सी विभाग की हेड डाॅ. निधि कैले, डॉ. प्रदीप अग्रवाल, डॉ. प्रेम कुमार और डॉ. कविंद्र सिंह, डाॅ. प्रेम सहित कई अन्य मौजूद रहे।

हेली एम्बुलेंस सेवाएं नेशनल गेम्स के दौरान उपलब्ध रहेंगी

एम्स ऋषिकेश की हेली एम्बुलेंस सेवाएं भी नेशनल गेम्स के दौरान उपलब्ध रहेंगी। इसका उपयोग आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों के लिए त्वरित और प्रभावी सहायता प्रदान करने के लिए किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डाॅ. मधुर उनियाल ने बताया कि यह सेवा हवाई दूरी के आधार पर एम्स के 100 किमी के दायरे में एथलीटों, अधिकारियों और दर्शकों को तत्काल आपातकालीन देखभाल पहुंचाने में मददगार साबित होगी।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान एक विशेष नेशनल गेम्स मेडिकल मैनुअल का भी विमोचन किया गया, जो खेल आयोजनों के लिए मेडिकल तैयारी और प्रबंधन पर आधारित है।

यह मैनुअल खेल आयोजनों के दौरान ड्यूटी देने वाले डॉक्टरों और चिकित्सा पेशेवरों के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शिका साबित होगी।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button