
Google TurboQuant AI Memory Compression: गूगल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक ऐसी तकनीकी सफलता हासिल की है, जो जल्द ही आपके स्मार्टफोन इस्तेमाल करने के तरीके को पूरी तरह बदल देगी। गूगल के शोधकर्ताओं ने ‘TurboQuant’ नामक एक नया सिस्टम विकसित किया है, जो मोबाइल की मैमोरी (RAM) को बिना किसी नुकसान के ‘कंप्रेस’ यानी सिकोड़ देता है।
Google TurboQuant AI Memory Compression: सरल भाषा में कहें तो, AI मॉडल्स को काम करने के लिए बहुत ज्यादा मैमोरी की जरूरत होती है। यही कारण है कि ‘जेमिनी’ जैसे एडवांस फीचर्स अभी केवल महंगे और प्रीमियम फोन में ही मिलते हैं। गूगल की इस नई खोज ने AI डेटा को 6 गुना छोटा करने का तरीका ढूंढ लिया है।
इसे ऐसे समझें जैसे आप किसी भारी-भरकम फाइल को ‘Zip’ कर देते हैं, लेकिन उसे खोलते ही वह वापस पूरी ताकत से काम करने लगती है।
Google TurboQuant AI Memory Compression: अगर आपके पास कम RAM वाला सस्ता फोन है, तब भी आप भारी-भरकम AI ऐप्स चला सकेंगे। जब प्रोसेसर को डेटा प्रोसेस करने के लिए कम मेहनत करनी पड़ेगी, तो आपके फोन की बैटरी 20-30% ज्यादा चलेगी। डेटा छोटा होने की वजह से अब एआई आपके फोन के अंदर ही रहेगा, यानी आपको हर छोटे काम के लिए इंटरनेट या क्लाउड पर निर्भर नहीं रहना होगा।
तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि यह खोज ‘डिजिटल डिवाइड’ को कम करेगी। अब प्रीमियम फीचर्स सिर्फ अमीरों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि एक आम यूजर भी अपने 15 हजार वाले फोन पर दुनिया का सबसे एडवांस AI इस्तेमाल कर पाएगा।
यह तकनीक मुख्य रूप से तीन रास्तों से आपके डिवाइस में प्रवेश करेगी:
गूगल इसे एंड्रॉइड के आने वाले वर्जन्स (जैसे Android 16 या 17) के ‘कोर सिस्टम’ में शामिल कर सकता है। इससे पूरा फोन ही एआई को बेहतर तरीके से हैंडल करने लगेगा। सबसे पहले आप इसे Google Gemini, Google Photos (एआई एडिटिंग के लिए), और Google Assistant जैसे ऐप्स के अपडेट में देखेंगे। जैसे ही आप प्ले स्टोर से ऐप अपडेट करेंगे, यह तकनीक बैकग्राउंड में काम करना शुरू कर देगी। गूगल इस तकनीक को ओपन-सोर्स (सभी के लिए उपलब्ध) कर रहा है। इसका मतलब है कि भविष्य में इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप या अन्य ऐप्स भी अपनी एआई सुविधाओं को हल्का बनाने के लिए इस तकनीक का इस्तेमाल करेंगे।
चूँकि गूगल ने इसका आधिकारिक शोध पत्र और मॉडल हाल ही में (मार्च-अप्रैल 2026) पेश किया है। सबसे पहले यह गूगल के अपने Pixel फोंस (जैसे आगामी Pixel 10 या 11) में एक ‘एक्सक्लूसिव फीचर’ के रूप में आ सकता है। साल के अंत तक अन्य बड़े ब्रांड्स अपने फ्लैगशिप फोंस के सॉफ्टवेयर अपडेट में इसे शामिल करना शुरू कर सकते हैं। सस्ते स्मार्टफोन्स में यह तकनीक तब दिखेगी जब नए मिड-रेंज प्रोसेसर बाजार में आएंगे जो इस एल्गोरिदम को सपोर्ट करेंगे।
इसे हम ‘मुनाफे का गणित’ कह सकते हैं। गूगल के पास दुनिया के सबसे बड़े डेटा सेंटर्स हैं। AI चलाने के लिए हज़ारों महंगे GPUs और लाखों GB की RAM की ज़रूरत होती है। जब डेटा 6 गुना छोटा हो जाएगा, तो गूगल को कम सर्वर और कम बिजली की ज़रूरत पड़ेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे गूगल अपने ऑपरेटिंग खर्च (Running Cost) में अरबों डॉलर बचा पाएगा।
गूगल की कमाई का मुख्य जरिया विज्ञापन (Ads) है। अगर एडवांस AI फीचर्स सिर्फ महंगे फोंस में रहेंगे, तो गूगल को कम यूजर्स मिलेंगे। लेकिन इस तकनीक से जब AI 15-20 हजार वाले फोंस में भी चलेगा, तो गूगल का ‘इकोसिस्टम’ (जैसे गूगल सर्च, यूट्यूब एआई) अरबों नए लोगों तक पहुँच जाएगा। जितने ज्यादा लोग, उतना ज्यादा डेटा और उतना ही विज्ञापन।
अभी AI की रेस में माइक्रोसॉफ्ट (OpenAI के साथ) और एप्पल (Apple Intelligence के साथ) गूगल को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। गूगल ने इस तकनीक को ‘प्लग-एंड-प्ले’ (तुरंत इस्तेमाल के लायक) बनाया है। यानी गूगल के एआई मॉडल्स दूसरों के मुकाबले ज्यादा ‘हल्के’ और ‘तेज’ होंगे। डेवलपर्स और कंपनियां गूगल की सर्विस चुनेंगी क्योंकि वह सस्ती और तेज पड़ेगी।
गूगल अपनी क्लाउड सर्विस कंपनियों को बेचता है। अगर कोई कंपनी गूगल क्लाउड का इस्तेमाल करती है, तो TurboQuant की वजह से उनका बिल कम आएगा और परफॉर्मेंस बेहतर होगी। इससे ज्यादा से ज्यादा कंपनियां गूगल क्लाउड पर शिफ्ट होंगी।













