स्तन कैंसरः घबराइए मत, लक्षणों की पहचान करें, प्रभावी तरीके से हो सकता है उपचार

Rajesh Pandey

ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश के शल्य चिकित्सा विभाग, नर्सिंग एसोसिएशन और एमबीबीएस के छात्रों के सहयोग से नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों को स्तन कैंसर के लक्षणों की पहचान करना बता रहा है। साथ ही, इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

शल्य चिकित्सा विभाग में स्तन रोग यूनिट के अध्यक्ष एडिशनल प्रोफेसर डॉ. फरहानुल हुदा बताते हैं, महिलाओं में अब सबसे ज्यादा स्तन कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं।

भारत में जनजागरूकता की कमी के कारण अभी भी इसके लक्षणों के प्रति उपेक्षा एवं इलाज कराने में देरी हो रही है। हालांकि, यह कैंसर अगर जल्दी पहचान लिया जाए तो इसका उपचार प्रभावी तरीके से किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि इसका उपचार सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी एवं हार्मोनल थेरेपी से किया जाता है। आधुनिक तकनीकों एवं शोध के कारण अब कई मरीजों में उपचार के लिए पूरे स्तन को निकालना जरूरी नहीं है, साथ ही साथ अगर निकाला भी जाए तो दूसरा स्तन बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- अक्तूबर को इसलिए कहा जाता है गुलाबी महीना

नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुति के बाद मरीजों के प्रश्नों का जवाब देते हुए डॉ. विधु खरे, डॉ. अमूल्या रेड्डी एवं डॉ. निर्मल के. ने ही मरीजों को स्वयं स्तन परीक्षण करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने समझाया, महिलाएं माह के एक दिन खुद के स्तनों का परीक्षण अवश्य करें और कोई भी गांठ, सूजन, पानी या रक्तस्राव, लालपन या त्वचा मोटी होना, बगल में गांठ जैसा कुछ दिखे या महसूस हो तो बिना देरी किए तत्काल विशेषज्ञ चिकित्सक से संपर्क करें।

इस दौरान बताया गया कि शल्य चिकित्सा विभाग की स्तन रोग यूनिट पूरे माह आईडब्ल्यूसीसी (IWCC) ओपीडी में महिलाओं को स्तन कैंसर के बारे में जागरूक करेगी, ताकि लोग यह महत्वपूर्ण जानकारी घरों में जाकर और भी लोगों को देकर जागरूक कर सकें।

स्तन कैंसर जागरूकता माह के उपलक्ष्य में शल्य चिकित्सा विभाग पूरे अक्टूबर माह में जनजागरूक से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करेगा। जिसमें नुक्कड़ नाटक, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन शामिल है, इसके साथ ही 30 अक्टूबर को विशेषरूप से जन स्वास्थ्य सभा रखी गई है, जिसमें देश के वरिष्ठ सर्जन आकर जनता के साथ स्तन कैंसर के बारे में चर्चा करेंगे।

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *