
ट्रैकर्स की सुरक्षा में लापरवाही के लिए वन विभाग होगा सीधे तौर पर जिम्मेदारः एसीएस
ट्रैकर्स की सुरक्षा के लिए ट्रैकिंग पॉलिसी और एसओपी बनाने के निर्देश दिए
देहरादून। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने गुरुवार को सचिवालय में शीत लहर के संबंध में राज्य में ट्रैकिंग के लिए आने वाले पर्यटकों की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक ली। एसीएस ने उत्तराखंड में ट्रैकिंग एजेंसियों और कम्पनियों के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था को पुख्ता करने तथा तत्काल एक प्रभावी ट्रैकिंग पॉलिसी एवं एसओपी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने घने कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को लेकर ट्रैफिक, पुलिस विभाग एवं फायर डिपार्टमेंट को सभी तैयारियां पूरी करने तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए दान के लिए एक पोर्टल बनाने के भी निर्देश दिए।
एसीएस ने कहा, समय पर ट्रैकिंग एसओपी प्रभावी न होने की दशा में प्रदेश में आने वाले ट्रैकर्स की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही की घटना के लिए वन विभाग को सीधे तौर पर उत्तरदायी ठहराकर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने डीएफओ को ट्रैकिंग के लिए आने वाले पर्यटकों की जानकारी जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के साथ साझा करने तथा जिलाधिकारियों को डीएफओ, पर्यटन विभाग तथा ईको टूरिज्म से समन्वय करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसओपी के साथ ही ट्रैकर्स के लिए पुख्ता सुरक्षा मानक, बीमा, प्रशिक्षित गाइड्स, स्नो इक्विपमेंट्स, हेल्थ सर्टिफिकेट, बेसिक मेडिसिन की तत्काल व्यवस्था को लागू करने के निर्देश दिए।













