FeaturedNewsUttarakhand

Uttarakhand सिलक्यारा टनल रेस्क्यू में बड़ी सफलता

सभी श्रमिकों की एक-एक करके डॉक्टर से बात कराई जा रही है

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में फंसे श्रमिकों के रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी टीम को बड़ी सफलता मिली है। अब तक कुल 45 मीटर तक ड्रिलिंग पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन जल्द ही पूरी होने की उम्मीद बढ़ी है। पाइप कुल 62 मीटर अंदर तक डाला जाना है।

उत्तरकाशी टनल रेस्क्यू ऑपरेशन के संबंध में अस्थाई मीडिया सेंटर में प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं उत्तराखंड सरकार के सलाहकार भास्कर खुल्बे ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि ऑगर मशीन से पुनः ड्रिलिंग शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय हम सब के लिए और अधिक महत्वपूर्ण होने वाला है।

इस दौरान NHIDCL के एम.डी. महमूद अहमद, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला तथा पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी तथा सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।

इससे पहले,  सिलक्यारा में पत्रकारों से वार्ता में एनएचआईडीसीएल के एमडी महमूद अहमद ने बताया कि टनल के अंदर 900 एम.एम पाइप को पुश किया गया था। वर्तमान समय में टेलीस्कोपिक मैथड से 900 एम.एम पाइप के अंदर, 800 एम.एम के पाइप को भी पुश कर लिया गया है।

उन्होंने बताया, शेष स्थान पर ड्रिलिंग का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। साथ ही, उन्होंने बताया की बड़कोट वाले छोर से हॉरिजेंटल ड्रिलिंग का कार्य शुरू हो गया था, जिसमें तीसरा ब्लास्ट कर लिया गया है।

उत्तराखंड शासन के सचिव डॉ. नीरज खैरवाल ने बताया, पूर्व में अंदर फंसे श्रमिकों के साथ वीडियो के माध्यम से संवाद हुआ था। अब एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की मदद से ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप तैयार कर लिया गया है। जिसमें वायर, माइक्रोफोन और स्पीकर का इस्तेमाल किया जा रहा है।

सचिव डॉ. खैरवाल ने बताया, ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप तैयार होने के बाद, अंदर फंसे श्रमिकों की सबसे पहले डॉक्टर से बात कराई गई। इस क्रम में सभी श्रमिकों की एक-एक करके डॉक्टर से बात कराई जा रही है एवं उनका हाल-चाल जाना जा रहा है।

उन्होंने कहा, अंदर फंसे लोगों को जरूरी दवाइयां भेजी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त मूलभूत सामग्री जैसे टॉवल, ब्रश, छोटे कपड़े भी भेजे जा रहे हैं।

साथ ही, श्रमिकों की मेंटल हेल्थ को ध्यान रखते हुए मनोचिकित्सक से भी उनकी बात कराई जा रही है। अंदर फंसे सभी श्रमिक सुरक्षित हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं उत्तराखंड सरकार के सलाहकार भास्कर खुल्बे, जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, कमांडेंट एसडीआरएफ मणिकांत मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी मौजूद रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button