FeaturedUttarakhand

उत्तराखंड स्थापना दिवसः राज्यपाल और सीएम ने शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन किया

देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किए गए

देहरादून। उत्तराखंड राज्य के स्थापना दिवस पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने देहरादून पुलिस लाइन में रैतिक परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। राज्यपाल ने विशिष्ट सेवाओं के लिए ‘राष्ट्रपति पुलिस पदक’ प्राप्त पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ उत्तराखंड पुलिस पत्रिका-2022 का विमोचन किया और नैनीताल जनपद की चोरगलिया थाने को सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने के रूप में सम्मानित किया।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने संयुक्त रूप से भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भूतपूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ स्व. जनरल विपिन रावत, स्व. गिरीश चन्द्र तिवारी ‘गिर्दा’, स्व. वीरेन डंगवाल को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान-2022 से सम्मानित किया।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी, पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, साहित्यकार रस्किन बॉण्ड, साहसिक खेल के क्षेत्र में बछेन्द्री पाल तथा संस्कृति एवं लोक कला के क्षेत्र में नरेन्द्र सिंह नेगी को उत्तराखंड गौरव सम्मान-2021 से सम्मानित किया गया।

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राज्य निर्माण आन्दोलन के अमर शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि इस अवसर पर हमें दो संकल्प लेने की जरूरत है। पहला ट्रैफिक नियमों का पालन करना और दूसरा उत्तराखण्ड के प्रत्येक हिस्से को स्वच्छता अभियान का रोल मॉडल बनाना।

मुख्यमंत्री धामी ने राज्य निर्माण में योगदान देने वाले अमर शहीदों एवं राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य के विकास के लिए सरकार कृत संकल्पित है। राज्य सरकार ने तय किया है कि राज्य के सकल घरेलू उत्पाद को वर्ष 2027 तक दोगुना किया जाएगा और इसे बढ़ाने के लिए सुझाव देने के लिए शीघ्र ही एक सलाहकार फ़र्म का भी चयन किया जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बेहतर विपणन व्यवस्था और सुविधा के लिए ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफार्म भी उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हम राज्य में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे, जिससे उत्तराखंड के आंदोलन का इतिहास तथा लोक संस्कृति के विभिन्न आयामों को पाठ्य पुस्तकों में शामिल किया जा सके। तहसील स्तर तक की समस्याओं के समाधान के लिए ’’मुख्यमंत्री चौपाल’’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी स्थित शहीद स्थल पर उत्तराखंड राज्य आन्दोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष के परिणामस्वरूप ही हमें नया राज्य मिला। उन्होंने कहा कि शहीद राज्य आन्दोलनकारियों के सपने के अनुरूप राज्य के विकास के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को हर क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना है।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button