उत्तराखंड के पते पर नहीं मिला हेरोइन मंगाने वाला, पंजाब के एक गांव में दबोचा गया

Rajesh Pandey

नई दिल्ली। खुफिया जानकारी पर राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने गुजरात एटीएस के साथ मिलकर एक कन्साइनमेंट की जांच की। इसे उत्तराखंड की एक फर्म ने कांडला बंदरगाह पर आयात किया था। यह कन्साइनमेंट ईरान के बंदर अब्बास पोर्ट से कांडला बंदरगाह पहुंचा था। कन्साइनमेंट में 17 कंटेनर (10,318 बैग) शामिल थे, जिनका कुल वजन 394 मीट्रिक टन था। इसे “जिप्सम पाउडर” बताकर आयात किया गया था।

अब तक 205.6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी गैर-कानूनी बाजारी कीमत 1439 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कन्साइमेंट की गहरी छानबीन अभी बंदरगाह पर जारी है।

जांच-पड़ताल के दौरान हेरोइन मंगाने वाला उत्तराखंड के पंजीकृत पते पर नहीं मिला था। इसलिए, उसे दबोचने के लिये देशभर में उसकी खोज की जा रही थी। डीआरआई ने उसका पता लगाने के लिये देशभर में विभिन्न स्थानों पर दबिश डाली थी, वो लगातार अपना स्थान बदल रहा था और अपनी पहचान छिपाता फिर रहा था।

बहरहाल, लगातार कठिन प्रयासों का नतीजा सामने आया और पता चला कि वो पंजाब के एक छोटे से गांव में छुपा है। उसने विरोध किया और भागने की कोशिश की, लेकिन डीआरआई के अधिकारियों ने उसे धर-दबोचा।

अब तक की छानबीन के आधार पर डीआरआई ने उक्त आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है और उसे 24 अप्रैल, 2022 को अमृतसर के ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। अदालत ने डीआरआई को उसकी ट्रांजिट रिमांड दे दी, ताकि अधिकारी भुज के सक्षम न्यायालय में उसको पेश कर सकें। मामले में आगे और जांच चल रही है।- पीआईबी

Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *