Uttarakhand Tunnel Rescue Operation: ऑगर मशीन की ब्लेड एवं शाफ्ट को काटने का कार्य पूरा

Rajesh Pandey
उत्तरकाशी। सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पाइप में फंसे ऑगर मशीन की ब्लेड एवं शाफ्ट को काटने का कार्य पूरा कर लिया गया है और ऑगर मशीन के हेड को निकालने का कार्य जारी है, जिसके लिए एक मीटर पाइप भी काटा का चुका है। आगे का कार्य मैनुअली किया जाएगा।
सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन के संबंध में सोमवार को अस्थाई मीडिया सेंटर, सिलक्यारा में प्रेस ब्रीफिंग में सचिव उत्तराखंड शासन डॉ. नीरज खैरवाल ने यह जानकारी दी।
अपर सचिव (सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार) एवं एम.डी (एनएचआईडीसीएल) महमूद अहमद ने बताया कि वर्टिकल ड्रिलिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 30 मीटर वर्टिकल ड्रिलिंग कर ली गई है। आगे का कार्य भी तेज गति से सावधानीपूर्वक किया जा रहा है। इस दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, एसडीआरएफ कमांडेंट मणिकांत मिश्रा मौजूद रहे।
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव डॉ.पी के मिश्रा एवं सचिव गृह मंत्रालय, भारत सरकार अजय भल्ला ने सिलक्यारा, उत्तरकाशी में टनल रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने ग्राफिकल प्रस्तुतीकरण एवं मैपिंग के माध्यम से टनल की भौगोलिक स्थिति को जाना। प्रमुख सचिव डॉ.पी के मिश्रा ने टनल के अंदर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे श्रमिकों, इंजीनियरों से जानकारी लेते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अंदर फंसे श्रमिकों के साथ ही राहत बचाव कार्य में जुटे सभी लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों के लिए भेजी जा रही भोजन सामग्री के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने टनल में एसडीआरएफ द्वारा स्थापित ऑडियो कम्युनिकेशन सेटअप एवं बीएसएनएल द्वारा स्थापित टेलिफोनिक कम्युनिकेशन सिस्टम के माध्यम से अंदर फंसे श्रमिकों में से गब्बर सिंह एवं अन्य लोगों से वार्ता कर उनका हालचाल जाना।
उन्होंने वार्ता के दौरान श्रमिकों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने श्रमिकों से कहा की रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सभी लोग मेहनत कर रहे हैं। कई मोर्चों पर कार्य चल रहा है। सभी को जल्द से जल्द निकाले जाने की कोशिश जारी है।
प्रमुख सचिव डॉ.पी के मिश्रा ने टनल में फंसे श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा श्रमिकों को जल्द ही बाहर निकाल लिया जाएगा। परिजनों के साथ ही पूरा देश उनके शीघ्र और सुरक्षित निकाले जाने की दुआ कर रहा है।
Share This Article
Follow:
newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *