FeaturedhealthNewsUttarakhand

डेंगू के खिलाफ देहरादून जिले में चला महाअभियान

देहरादून। देहरादून जनपद में डेंगू रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव एसएस संधु के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने चार दिवसीय महा अभियान का शुरुआत की।

इस महाअभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न सरकारी इकाइयों ने देहरादून जिले के विभिन्न स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। विभिन्न इलाकों में घरों एवं मोहल्लों में जाकर डेंगू का लार्वा को नष्ट किया गया तथा लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक किया गया।

आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से दवाओं का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संवाद) सामग्री का वितरण किया। इसके साथ ही, नगर निगम टीम ने शहर के कई इलाकों में फॉगिंग अभियान चलाया।

हाई रिस्क क्षेत्रों में चलाया गया डेंगू रोकथाम महाअभियान

मंगलवार को देहरादून शहरी क्षेत्र के 24 हाई रिस्क वार्डों में डेंगू रोकथाम महाअभियान संचालित किया गया। आशा कार्यकर्ताओं एवं आशा फैसिलिटेटर ने सभी वार्डों में घर-घर जाकर सघन अभियान चलाते हुए डेंगू लार्वा साइट को चिन्हित किया तथा लार्वा साइट को नष्ट किया। वृहद संभावित लार्वा साइट में लार्वा नाशक का छिड़काव किया गया।

आशा कार्यकर्ताओं ने 5,340 घरों का भ्रमण किया, जिनमें 252 बड़ी-छोटी लार्वा साइट को नष्ट किया गया। यह महाअभियान देहरादून के करनपुर, बकरालवाला, चुक्खुवाला, शिवाजी मार्ग, बल्लूपुर, इंदिरा नगर, कांवली, पटेलनगर, अजबपुर, धर्मपुर, मेहूंवाला, देहराखास, लक्खीबाग, विद्या विहार, निरंजनपुर, माजरा, रेस्ट कैंप, रेस कोर्स, बंजारावाला, मोथरोवाला, मोहब्बेवाला, चन्द्रबनी, आर्केडिया आदि क्षेत्रों में चलाया गया।

चिन्हित 24 वार्डों के अतिरिक्त जनपद के अन्य क्षेत्रों में दैनिक अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने 14,985 घरों का भ्रमण किया। इस दौरान घरों व आसपास 3303 लार्वा साइट को नष्ट किया गया तथा लार्वा नाशक का छिड़काव किया गया।

वहीं, डेंगू वॉलेंटियर्स ने जनपद में 1349 घरों का भ्रमण करते हुए 1461 लार्वा साइट को नष्ट किया तथा लार्वा नाशक का छिड़काव किया गया।

डेंगू रोकथाम अभियान अगले तीन दिन जारी रहेगा। इस अभियान के जरिए सभी टीमें देहरादून शहर का भ्रमण कर आम जनमानस को डेंगू की रोकथाम के लिए जागरूक करेंगी।

इसके साथ ही, डेंगू के हाई रिस्क क्षेत्रों पर टीमों का खास फोकस रहेगा। स्वास्थ्य सचिव ने कहा, ऐसा महाअभियान देहरादून के बाद राज्य के अन्य सभी जनपदों में चलाया जाएगा। जिन भी क्षेत्रों में डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं, उन क्षेत्रों में प्राथमिकता के तहत अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ आम जनमानस से उन्होंने अपील की कि अपने आस पास साफ सफाई बनाकर रखें, पानी को जमा न होने दें।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button