NewsUttarakhand

Tehri Lake Global Destination Project: टिहरी झील को ग्लोबल डेस्टिनेशन बनाने के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश

Tehri Lake Global Destination Project: देहरादून, 16 फरवरी, 2026ः उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने टिहरी झील को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किए जाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सचिव पर्यटन को उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के स्तर पर टिहरी झील एवं उसके पास के क्षेत्रों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने तथा अवस्थापना सुविधाओं के विकास की योजनाओं के क्रियान्वयन से पूर्व विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने के भी निर्देश दिए।
Tehri Lake Global Destination Project: सचिवालय में सोमवार को पर्यटन विकास परिषद के टिहरी लेक प्रोजेक्ट के तहत सतत समावेशी अनुकूल जलवायु आधारित पर्यटन विकास योजनाओं की मुख्य सचिव ने समीक्षा की।
इस दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि टिहरी लेक को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किए जाने से संबंधित विषय को भारत सरकार को भेजे जाने वाले प्रस्ताव में शामिल किया जाए।
Tehri Lake Global Destination Project: उन्होंने टिहरी लेक का पूरा मास्टर प्लान तैयार करने के लिए अनुभवी कन्सलटेन्ट की नियुक्ति के साथ पर्यटन विभाग को इसी के दृष्टिगत अपनी कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।
मुख्य सचिव ने टिहरी लेक के चारों ओर रिंग रोड तैयार करने की कार्ययोजना में तेजी लाए जाने, टिहरी लेक में प्रस्तावित सी प्लान योजना के साथ रिंग रोड पर कम से कम दो हेलीपैड बनाए जाने के संबंध में भी निर्देश जारी किए। इसके लिए उन्होंने सभी से समन्वय कर योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि टिहरी लेक को ग्लोबल डेस्टिनेशन के रूप में पहचान दिलाने के लिए आवश्यक है कि यहां पर विश्व स्तरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास हो।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को रिंग रोड के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके निर्माण से अन्य अवस्थापना सुविधाओं के विकास में भी तेजी आ सकेगी।
मुख्य सचिव ने ऋषिकेश मुनिकी रेती तथा लोहाघाट चम्पावत के पर्यटन विकास से संबंधित योजनाओं के प्रस्ताव भी शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए । ताकि सभी प्रस्तावों को मास्टर प्लान के साथ समय के भीतर भारत सरकार को भेजा जा सके।
बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, श्रीधर बाबू अद्दांकी, अपर सचिव अभिषेक रोहेला, गिरधारी सिंह रावत एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button