Blog LiveeducationFeaturedUttarakhand

शिक्षक रविन्द्र सिंह सैनी ने बच्चों को सिखाने के लिए सीखी गढ़वाली बोली

चमोली जिले में बच्चों को पढ़ाने के दौरान हो रही दिक्कत, धाराप्रवाह गढ़वाली बोलते हैं सैनी जी

राजेश पांडेय। न्यूज लाइव ब्लॉग

” मेरी पोस्टिंग चमोली जिले के लंगसी गांव स्थित विद्यालय में बतौर व्यायाम शिक्षक हुई। मैं हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू और गुरुमुखी तो जानता था, पर गढ़वाली बोली नहीं आती थी। लंगसी गांव में बच्चे गढ़वाली में बात करते थे। मुझे उनको पढ़ाने में दिक्कत आने लगी। मुझे लगा कि ठेठ हिन्दी में बच्चे मेरी बात को अच्छी तरह से नहीं समझ पा रहे हैं। मैंने गढ़वाली बोली सीखने का निर्णय लिया। और, मैंने बच्चों से ही गढ़वाली बोलना शुरू किया। अब धाराप्रवाह गढ़वाली में बात कर सकता हूं।”

देहरादून के राजकीय इंटर कॉलेज में व्यायाम शिक्षक सरदार रविन्द्र सिंह सैनी कहते हैं, “गढ़वाली मीठी और स्नेह की बोली है। चाहता हूं कि बच्चे गढ़वाली में बात करें। मैं भी अपने साथी शिक्षकों और स्कूल में बच्चों के साथ गढ़वाली में बात करता हूं।”

जब मैं अपने मित्र मोहित उनियाल के साथ बड़ासी गांव पहुंचा तो राजकीय इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के सामने से होकर गुजर रहे थे। मोहित जी ने बताया, यहां माजरी ग्रांट के निवासी रविन्द्र सिंह सैनी जी शिक्षक हैं और बहुत अच्छी गढ़वाली बोलते हैं। हमारे मन में सैनी जी से मुलाकात की उत्सुकता जागी। सैनी जी से मिलने विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने बहुत उत्साह से स्वागत किया। हमने उनसे बातचीत की इच्छा जाहिर की तो सैनी जी सहर्ष तैयार हो गए।

इस विद्यालय में प्रधानाचार्य परमानंद सकलानी जी, से यह हमारी दूसरी मुलाकात थी। बेहद सौम्य व्यवहार के धनी, अनुशासन प्रिय सकलानी जी से हम पिछले साल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उनके पूर्व विद्यालय टिहरी गढ़वाल जिला स्थित जौनपुर ब्लाक के दुर्गम विद्यालय रगड़ गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में मिले थे।

हम स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून के दूरस्थ गांव हल्द्वाड़ी के छात्रों के साथ उनके रगड़ गांव स्थित विद्यालय तक पैदल चले। पहाड़ का यह रास्ता कहीं ऊँचाई वाला है और कहीं सीधा ढलान। रास्ते में कई झरने हैं और सौंग नदी का किनारा।

प्रधानाचार्य परमानंद सकलानी जी

प्रधानाचार्य सकलानी जी बताते हैं, “जब इसी साल जुलाई में इस विद्यालय में पहली बार पहुंचा तो शिक्षक रविन्द्र सिंह सैनी जी ने गढ़वाली बोली में मेरा स्वागत किया। मैं हतप्रभ रह गया, गुरुमुखी बोलने वाले शिक्षक सैनी जी बहुत अच्छी गढ़वाली बोलते हैं। सैनी जी, बहुत नेकदिल इंसान हैं और बच्चों के साथ खेलकूद गतिविधियों में पूरी मेहनत से जुटे रहते हैं। बच्चों को प्रेरित करते हैं कि वो अपनी मातृबोली में बात करें। भले ही बच्चे और अन्य भाषाओं को सीखें, पर मातृभाषा, बोली को न भूलें।”

Rajesh Pandey

newslive24x7.com टीम के सदस्य राजेश पांडेय, उत्तराखंड के डोईवाला, देहरादून के निवासी और 1996 से पत्रकारिता का हिस्सा। अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान जैसे प्रमुख हिन्दी समाचार पत्रों में 20 वर्षों तक रिपोर्टिंग और एडिटिंग का अनुभव। बच्चों और हर आयु वर्ग के लिए 100 से अधिक कहानियां और कविताएं लिखीं। स्कूलों और संस्थाओं में बच्चों को कहानियां सुनाना और उनसे संवाद करना जुनून। रुद्रप्रयाग के ‘रेडियो केदार’ के साथ पहाड़ के गांवों की अनकही कहानियां लोगों तक पहुंचाईं और सामुदायिक जागरूकता के लिए काम किया। रेडियो ऋषिकेश के शुरुआती दौर में लगभग छह माह सेवाएं दीं। ऋषिकेश में महिला कीर्तन मंडलियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जीवन का मंत्र- बाकी जिंदगी को जी खोलकर जीना चाहता हूं, ताकि बाद में ऐसा न लगे कि मैं तो जीया ही नहीं। शैक्षणिक योग्यता: बी.एससी (पीसीएम), पत्रकारिता स्नातक, एलएलबी संपर्क: प्रेमनगर बाजार, डोईवाला, देहरादून, उत्तराखंड-248140 ईमेल: rajeshpandeydw@gmail.com फोन: +91 9760097344

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button